‘शक्ति’ टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ झूठा प्रचार कर रही है भाजपा : राउत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 24 Mar 2024 07:40 PM
‘शक्ति’ टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ झूठा प्रचार कर रही है भाजपा : राउत
ऑडियो सुनें

मुंबई. शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता संजय राउत ने रविवार को दावा किया कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की ”शक्ति” टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उनके खिलाफ झूठा प्रचार कर रही है. पार्टी के मुखपत्र ‘सामना’ में अपने साप्ताहिक स्तंभ ‘रोखठोक’ में राउत ने कहा कि मुंबई में रैली के दौरान राहुल ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महज एक मुखौटा है और विपक्ष को उनके पीछे की ”शक्ति” से लड़ना होगा.

राज्यसभा सदस्य ने दावा किया, ”राहुल का मतलब ‘धन शक्ति’ था जिसके खिलाफ विपक्ष को लड़ना होगा. प्रधानमंत्री मोदी ने तुरंत कहा कि यह हिंदुत्व और नारी शक्ति पर हमला है. खुद को भगवान विष्णु का अवतार मानने वाले लोगों को राहुल गांधी के ‘शक्ति’ हमले से झटका लगा और उन्होंने राहुल के खिलाफ दुष्प्रचार शुरू कर दिया. इस झूठे प्रचार तंत्र के पीछे भी कोई शक्ति है.” उन्होंने आरोप लगाया, ”भाजपा एक मनोरोगी बन गयी है.” राउत ने यह भी पूछा कि रोगियों के इलाज से कमाई करने वाले एक अस्पताल को चुनावी बॉण्ड क्यों खरीदने पड़े.

उन्होंने कहा, ”यशोदा सुपर स्पैशियिलिटी हॉस्पिटल ने अक्टूबर 2021 से अक्टूबर 2023 के बीच 162 करोड़ रुपये के चुनावी बॉण्ड खरीदे. कोविड-19 महामारी के दौरान कौन-सी पार्टी एक अस्पताल से चंदा ले रही थी? कोविड-19 केंद्र और ‘खिचड़ी’ मामलों की जांच कर रही एजेंसियों को इस अस्पताल तथा भाजपा के संबंधों की भी जांच करनी चाहिए.”

गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) मुंबई में कोविड-19 उपचार केंद्र स्थापित करने में कथित अनियमितताओं की जांच कर रहा है. ईडी कोविड-19 महामारी के दौरान शहर में फंसे प्रवासी मजदूरों को ‘खिचड़ी’ के पैकेट उपलब्ध कराने के लिए मुंबई नगर निकाय द्वारा दिए एक ठेके में कथित अनियमितताओं की भी जांच कर रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu