नाइजीरिया में अपहृत करीब 300 स्कूली बच्चों में से 137 को मुक्त कराया गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 24 Mar 2024 08:47 PM
नाइजीरिया में अपहृत करीब 300 स्कूली बच्चों में से 137 को मुक्त कराया गया
ऑडियो सुनें

अबूजा. नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिम में स्थित कदुना राज्य में दो हफ्ते पहले स्कूल से अगवा कर लिए गए कम से कम 300 बच्चों में से 137 को मुक्त करा लिया गया है. सेना ने यह जानकारी दी. इससे पहले कदुना के गवर्नर के बयान में कहा गया था कि सभी छात्रों को मुक्त करा लिया गया है.

सात मार्च को मोटरसाइकिल पर आए बंदूकधारियों ने कुरिगा स्कूल पर हमला किया. जब तक सुरक्षा बल पहुंचते, बंदूकधारी बच्चों को बंधक बनाकर जंगल की ओर ले गए. स्कूल अधिकारियों ने कहा कि 287 छात्रों का अपहरण कर लिया गया, जिनमें से करीब 100 की उम्र 12 या उससे कम थी.

वर्ष 2014 के बाद से नाइजीरिया के स्कूलों से कम से कम 1,400 छात्रों को अगवा किया गया है. वर्ष 2014 में ही बोको हराम के आतंकवादियों ने बोर्नो राज्य के चिबोक गांव से सैकड़ों स्कूली लड़कियों का अपहरण कर लिया था. हालिया वर्षों में, अपहरण की घटनाएं मुख्य रूप से देश के उत्तर-पश्चिमी और मध्य क्षेत्रों में हुई हैं, जहां दर्जनों सशस्त्र समूह अक्सर फिरौती के लिए ग्रामीणों और यात्रियों को निशाना बनाते हैं.

नाइजीरिया की सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल एडवर्ड बुबा ने एक बयान में कहा कि 137 बच्चों को जम्फारा राज्य में मुक्त कराया गया. बुबा ने कहा, ”अन्य बंधकों का पता लगाए जाने और आतंकवादियों को गिरफ्तार करने तक हम सभी प्रयास जारी रखेंगे.” सोकोतो राज्य सरकार द्वारा शनिवार को जारी एक बयान के अनुसार, राज्य में कम से कम 17 स्कूली बच्चों को बंधक बनाए जाने के दो सप्ताह बाद मुक्त कराया गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu