मोहित और मिलर ने टाइटंस को सनराइजर्स पर दिलाई जीत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 31 Mar 2024 07:51 PM
मोहित और मिलर ने टाइटंस को सनराइजर्स पर दिलाई जीत
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. अनुभवी तेज गेंदबाज मोहित शर्मा (25 रन पर तीन विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद डेविड मिलर की 44 रन की आक्रामक पारी के दम पर गुजरात टाइटंस ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में रविवार को यहां सनराइजर्स हैदराबाद को सात विकेट से शिकस्त दी.

मोहित शर्मा ने डैथ ओवरों में बेहतरीन प्रदर्शन किया जबकि अफगानिस्तान के स्पिनरों राशिद खान और नूर अहमद ने बीच के ओवरों में किफायती गेंदबाजी की जिसके दम पर गुजरात टाइटंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को आठ विकेट पर 162 रन पर रोक दिया . टाइटंस ने 19.1 ओवर में तीन विकेट पर 168 रन बनाकर मैच अपने नाम किया.

मिलर ने मांसपेशियों में खिंचाव के बावजूद 27 गेंद की नाबाद पारी में चार चौके और दो छक्के लगाये. उन्होंने बी साई सुदर्शन (36 गेंद में 45 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी कर जीत की नींव रखी और फिर विजय शंकर (11 गेंद में नाबाद 14 रन) के साथ 18 गेंद में 30 रन जोड़कर टीम को लक्ष्य के पार पहुंचाया. सलामी बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा (13 गेंद में 25 रन) और शुभमन गिल (28 गेंद में 36 रन) ने भी बल्ले से उपयोगी योगदान दिया.

सनराइजर्स के लिए पैट कमिंस, मयंक मार्कंडेय और शाहबाज अहमद ने एक-एक विकेट लिये. लक्ष्य का पीछा करते हुए साहा ने शाहबाज और जयदेव उनादकट के खिलाफ छक्के जड़े. शाहबाज ने हालांकि पारी के पांचवें ओवर में कमिंस के हाथों साहा की पारी को खत्म किया. गिल ने इसी ओवर में छक्का जड़ा तो वह इंपैक्ट सब्सीट्यूट सुदर्शन ने भुवनेश्वर के खिलाफ चौका लगाकर टीम के स्कोर को पावर प्ले में एक विकेट पर 52 रन कर दिया.

सनराइजर्स के गेंदबाजों ने इसके बाद गुजरात टाइटंस को तेजी से रन बनाने का मौका नहीं दिया. टीम को इसका फायदा 10वें ओवर में गिल के विकेट के तौर पर मिला. वह मार्कंडेय का शिकार बने. साई सुदर्शन और डेविड मिलर अगले कुछ ओवरों में दौड़ कर रन लेने पर जोर दिया. अब तक रक्षात्मक खेल रहे सुदर्शन ने कमिंस और वाशिंगटन के खिलाफ 13वें और 14वें ओवर में चौका जड़ दबाव कम किया.

गुजरात ने पारी के 16वें ओवर में मैच का रुख पलट दिया. मार्कंडेय के इस ओवर में 26 रन बने जिसमें मिलर ने एक छक्का और दो चौके लगाये. इस ओवर में सुदर्शन ने भी एक छक्का जड़ा लेकिन अगले ओवर में कप्तान कमिंस की गेंद पर अभिषेक को कैच दे बैठे.
इसका मिलर की बल्लेबाजी पर कोई असर नहीं पड़ा और उन्होंने अंतिम ओवर में उनादकट की गेंद पर छक्का लगाकर टीम को जीत दिला दी. इससे पहले पिछले मैच में 277 रन बनाकर विश्व रिकॉर्ड बनाने वाले सनराइजर्स ने पावरप्ले के भीतर एक विकेट खोकर 56 रन बनाये लेकिन उसके बाद अफगानिस्तान के स्पिनरों ने बीच के ओवरों में खुलकर खेलने नहीं दिया . नूर ने 32 रन देकर और राशिद ने 33 रन देकर एक एक विकेट लिया .

नूर ने फॉर्म में चल रहे सनराजईस के सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड (19) को सस्ते में आउट किया जबकि राशिद ने हेनरिच क्लासेन (24) को पवेलियन भेजा. राशिद ने डाइव करके एडेन मार्कराम का कैच भी लपका . उन्होंने आखिरी पांच ओवर में पांच विकेट सिर्फ 40 रन के भीतर गंवा दिये. मोहित ने डैथ ओवरों में शाहबाज अहमद (22) और वॉशिंगटन सुंदर (0) को लगातार दो गेंदों पर आउट किया . उन्होंने चार ओवरों में 25 रन देकर तीन विकेट चटकाये.

पिछले मैच में तेजी से रन बनाने के बाद सनराइजर्स ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया . ट्रेविस हेड ने अच्छे स्ट्रोक्स लगाये लेकिन मयंक अग्रवाल (16) सहज नहीं दिखे जिन्हें अजमतुल्लाह उमरजई ने पवेलियन भेजा. पिछले मैच के नायक अभिषेक शर्मा ने राशिद को दो छक्के लगाये लेकिन कलाई के स्पिनर नूर ने सनराइजर्स की रनगति पर अंकुश लगाया . हेड उनकी गेंद पर चकमा खाकर बोल्ड हो गए . इस बीच राशिद ने दूसरे ओवर में सिर्फ चार रन दिये .

शुभमन गिल ने दसवें ओवर में मोहित को गेंद सौंपने का शानदार फैसला लिया . मोहित ने क्रीज पर जम चुके अभिषेक (29) को आउट किया . इस बीच क्लासेन ने नूर को उनके आखिरी ओवर में दो चौके जड़े . राशिद ने 14वें ओवर में क्लासेन को आउट करके फिर सनराइजर्स पर दबाव बनाया. अगले ओवर में राशिद ने डाइव लगाकर डीप में मार्कराम (17) का कैच लपका .

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu