फिनलैंड के स्कूल में छात्र ने गोलीबारी की, एक विद्यार्थी की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 02 Apr 2024 09:39 PM
फिनलैंड के स्कूल में छात्र ने गोलीबारी की, एक विद्यार्थी की मौत
ऑडियो सुनें

हेलसिंकी. दक्षिणी फिनलैंड के एक माध्यमिक स्कूल में मंगलवार को 12 वर्षीय छात्र ने गोलीबारी की, जिससे एक विद्यार्थी की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हुए हैं. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि बाद में संदिग्ध को पकड़ लिया गया. उन्होंने बताया कि सुबह नौ बजकर आठ मिनट पर सूचना मिली कि राजधानी हेलसिंकी के बाहरी क्षेत्र वंता शहर में लगभग 800 विद्यार्थियों वाले एक माध्यमिक स्कूल में गोलीबारी हुई है, जिसके बाद पुलिस ने स्कूल को घेर लिया.

पुलिस ने बताया कि आरोपी और पीड़ितों की उम्र 12 वर्ष के आसपास है. पुलिस ने बताया कि संदिग्ध को बाद में हेलसिंकी इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया. उसके पास से एक हैंडगन मिली. पूर्वी उसिमा पुलिस विभाग के प्रमुख ई. कोस्किमाकी ने प्रेसवार्ता में बताया कि गोली लगने के तुरंत बाद एक छात्र की मौत हो गई. उन्होंने कहा कि दो छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं. अधिकारी ने कहा कि घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी हैंडगन संदिग्ध के एक रिश्तेदार की है.

उन्होंने बताया कि संदिग्ध ने शुरुआती पूछताछ में गोलीबारी करने की बात स्वीकार की है लेकिन इसे अंजाम देने के कारण का खुलासा नहीं किया है. फिनलैंड के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर स्टब ने घटना को चौंकाने वाला करार देते हुए पीड़ित के परिजनों के प्रति संवेदना जताई.
फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ओर्पो ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि वह गोलीबारी की घटना से ”बेहद दुखी” हैं. फिनलैंड में पहले भी स्कूल में गोलीबारी की ऐसी घटनाएं हुई हैं. सितंबर 2008 में 22 वर्षीय एक छात्र ने दक्षिण पश्चिमी फिनलैंड में एक कॉलेज में पिस्तौल से गोलीबारी कर 10 लोगों को मार डाला और फिर खुद को भी गोली मार ली थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu