ऑटोरिक्शा चालक ने यात्री को लौटाया 1.6 लाख रुपये का सोने का हार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 22 May 2022 07:07 PM
ऑटोरिक्शा चालक ने यात्री को लौटाया 1.6 लाख रुपये का सोने का हार
ऑडियो सुनें

बेरहामपुर. ओडिशा के गंजाम जिले में 35 वर्षीय ऑटोरिक्शा चालक ने एक महिला यात्री को करीब 1.6 लाख रुपये का उसका सोने का हार लौटाकर वाहवाही बटोरी है. महिला कुछ दिन पहले गलती से ऑटोरिक्शा में यह हार छोड़ गई थी. ऑटोरिक्शा चालक पंकज बहेरा को शुक्रवार को अपने वाहन की सफाई के दौरान यात्री सीट के नीचे लगभग 30 ग्राम वजनी हार मिला. उसने शनिवार को पुलिस अधिकारियों और स्थानीय ऑटो चालक संघ के कुछ सदस्यों की मौजूदगी में इसे न्यू बस स्टैंड पुलिस चौकी पर महिला नर्मदा बहेरा को सौंप दिया. ऑटोरिक्शा ड्राइवर बुधवार को 30 वर्षीय महिला और उसके परिवार के सदस्यों को न्यू बस स्टैंड से गोपालपुर ले गया था.

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि बहेरा ने सोने का हार अपने पर्स में रखा था, लेकिन वह गलती से वाहन में गिर गया होगा जिसका महिला को पता भी नहीं चला. घर पहुंचने के बाद उसे पता चला कि हार उसके पर्स में नहीं था और उसने तुरंत ऑटोरिक्शा चालक को फोन किया, जिसे वह पहले से जानती थी. उसने ऑटो में देखा, लेकिन उस दिन हार नहीं मिला.

चालक ने कहा, ‘‘अपने ऑटोरिक्शा की सफाई के दौरान हार मिलने के बाद, मैंने पुलिस और महिला के परिवार को सूचित किया.’’ पुलिस चौकी के प्रभारी नारायण स्वैन ने चालक की ईमानदारी की सराहना की. आभूषण वापस मिलने से महिला को भी राहत मिली. महिला ने कहा, ‘‘पिछले कुछ दिन से मेरी रातों की नींद हराम हो गई थी. अब, मैं बहुत खुश हूं और ऑटोरिक्शा चालक की शुक्रगुजार हूं.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu