प. बंगाल: संदेशखाली में छापे के दौरान सीबीआई ने विदेशी तमंचे सहित छोटे हथियार जब्त किए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 26 Apr 2024 08:48 PM
प. बंगाल: संदेशखाली में छापे के दौरान सीबीआई ने विदेशी तमंचे सहित छोटे हथियार जब्त किए
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/कोलकाता. केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी के दौरान विदेश निर्मित तमंचों सहित कई हथियार और गोला बारूद बरामद किये. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि तृणमूल कांग्रेस के नेता रहे शाहजहां शेख के समर्थकों द्वारा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम पर हमला किए जाने की घटना के सिलसिले में यह छापेमारी की गयी है.

उन्होंने बताया कि सीबीआई, बम निरोधक दस्ते, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी), केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों और पश्चिम बंगाल पुलिस की टीमों ने उत्तर 24 परगना जिले में सुंदरबन के किनारे एक गांव में छापेमारी की. उनके मुताबिक, अधिकारी लक्षित ठिकानों पर छापेमारी के लिए पूरे संदेशखाली में फैल गये, जबकि एनएसजी इकाइयों को अभियान के दौरान बरामद किये जाने वाले विस्फोटकों को संभालने का जिम्मा सौंपा गया था. उन्होंने बताया कि अपराह्न तक चले अभियान में भारी मात्रा में छोटे हथियार और गोला-बारूद जब्त किये गये, जिसमें विदेश निर्मित तमंचे भी शामिल हैं.

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कोलकाता में बताया कि सीबीआई अधिकारियों की पांच टीम ने पश्चिम बंगाल पुलिस और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) सहित केंद्रीय बलों की मदद से उत्तर 24 परगना जिले में संदेशखाली इलाके के सारबेरिया स्थित एक घर पर छापा मारा.
अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”हमें भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटकों को जमा कर रखने की खुफिया जानकारी प्राप्त हुई थी. विदेश निर्मित तमंचे सहित कुल 12 हथियार जब्त किये गये. डिब्बों में विस्फोटक भरे हुए पाये गये. तलाशी अभियान अब भी जारी है.”

सीबीआई सूत्रों ने बताया कि घर का मालिक शाहजहां शेख का रिश्तेदार है, जिसकी पहचान अबू तालीब मुल्ला के रूप में हुई है. उन्होंने बताया, ”यह अभी तक स्पष्ट नहीं है कि घर के अंदर इतनी बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक क्यों रखे गए थे.” घर को सुरक्षा बलों ने घेर लिया था, जिसे मछली पालन के लिए उपयोग किए जाने वाले जल निकायों के बीच बनाया गया था. केंद्रीय बल घर के बाहर मेटल डिटेक्टरों का उपयोग कर इस बात की जांच कर रहे हैं कि कहीं और हथियारों व गोला-बारूद को दबाकर तो नहीं रखा गया है. इस कार्य के लिए एक रोबोटिक उपकरण का भी इस्तेमाल किया गया है.

प्रवर्तन निदेशालय की टीम पर पांच जनवरी को संदेशखाली में उस समय हमला किया गया था, जब वह कथित राशन घोटाले के सिलसिले में शेख के परिसर पर छापा मारने गई थी. सीबीआई को अपनी जांच के दौरान यह जानकारी मिली कि संदेशखाली में भारी मात्रा में हथियार छिपाए गए हैं. शेख को 29 फरवरी को पश्चिम बंगाल पुलिस ने गिरफ्तार किया था. लगभग 1,000 लोगों की भीड़ के हमले में ईडी के तीन अधिकारी घायल हो गए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu