नारायण और साल्ट की रिकार्ड साझेदारी, केकेआर ने बनाये छह विकेट पर 261 रन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 26 Apr 2024 10:26 PM
नारायण और साल्ट की रिकार्ड साझेदारी, केकेआर ने बनाये छह विकेट पर 261 रन
ऑडियो सुनें

कोलकाता. सुनील नारायण और फिल साल्ट की पहले विकेट के लिए तेज तर्रार साझेदारी की बदौलत कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने शुक्रवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ छह विकेट पर 261 रन बनाये।
यह केकेआर का अब तक का दूसरा 250 रन से अधिक का स्कोर है। दोनों स्कोर इसी सत्र में बने हैं।

नारायण ने 32 गेंद में 71 रन की पारी के दौरान नौ चौके और चार छक्के लगाये। यह उनका सत्र का तीसरा अर्धशतक है। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 85 और इससे पहले राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 109 रन बनाये थे। इस तरह नारायण आठ मैच में 357 रन बनाकर ‘आरेंज कैप’ की दौड़ में दूसरे स्थान पर पहुंच गये। वह विराट कोहली (430 रन) से 73 रन पीछे हैं जिन्होंने एक मैच ज्यादा खेला है।

साल्ट भी आक्रामक खेल दिखाते हुए 37 गेंद में छह चौकों और छह छक्कों से 75 रन की पारी खेलकर सत्र में अपना तीसरा अर्धशतक जड़ा। नारायण ने अपना अर्धशतक सिर्फ 23 गेंद में पूरा कर लिया, वहीं साल्ट को यह इस उपलब्धि तक पहुंचने के लिए दो गेंद और ज्यादा लगीं। केकेआर की इस सलामी जोड़ी ने महज आठ ओवरों में 100 रन बना लिये।

इस तरह उन्होंने 19 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में लखनऊ सुपर जाइंट्स के केएल राहुल और क्विंटन डी कॉक के बीच 134 रन की साझेदारी के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए पहले विकेट के लिए सत्र की सबसे बड़ी 138 रन की साझेदारी बनायी।
केकेआर ने 15 ओवर में दो विकेट 190 रन बना लिये थे और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बनाये गये अपने सात विकेट पर 272 रन के सर्वश्रेष्ठ स्कोर में सुधार करने की ओर बढ. रही थी।

लेकिन उनका मध्य और निचला क्रम इसका फायदा उठाने में नाकाम रहा। श्रेयस अय्यर ने 10 गेंद में 28 रन (एक चौका, तीन छक्के) बनाकर टीम को 260 रन तक पहुंचाने में मदद की। नारायण और साल्ट 13 गेंद के अंदर आउट हो गये। आंद्रे रसेल को चौथे नंबर पर खिलाने की रणनीति आंशिक रूप कारगर हुई क्योंकि उन्होंने 200 के स्ट्राइक रेट से 12 गेंद में 24 रन बनाये। वेंकटेश अय्यर ने पारी की अंतिम गेंद पर रन आउट होने से पहले 23 गेंद में 39 रन बनाये जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल थे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu