विश्व कप : दीपिका सेमीफाइनल में, तीरंदाजों के चार पदक पक्के

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 26 Apr 2024 08:21 PM
विश्व कप : दीपिका सेमीफाइनल में, तीरंदाजों के चार पदक पक्के
ऑडियो सुनें

शंघाई. मां बनने के बाद अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी दीपिका कुमारी ने कोरिया की जियोन हुनयंग को हराकर तीरंदाजी विश्व कप के पहले चरण के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया जबकि कंपाउंड तीरंदाजों ने भारत का चौथा पदक पक्का कर दिया. विश्व रैंकिंग में 142वें स्थान पर खिसकी तीन बार की ओलंपियन दीपिका ने जियोन को 6 . 4 (27 . 28, 27 . 27, 29 . 28, 29 . 27, 28 . 28) से हराया.

अब सेमीफाइनल में उनका सामना कोरिया की ही नैम सुहियोन से होगा . इससे पहले ज्योति सुरेखा वेन्नम और अभिषेक वर्मा की कंपाउंड मिश्रित टीम ने फाइनल में जगह बनाई. दुनिया की दूसरे नंबर की टीम ने पांच ही अंक गंवाते हुए मैक्सिको की आंद्रिया बेसेरा और लोट मैक्सिमो मेंडेज ओर्टिज को 155 . 151 से हराया. अब उनका सामना एस्तोनिया से होगा . ज्योति महिला कंपाउंड टीम में भी शामिल है जो बुधवार को फाइनल में पहुंच गई. एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता ज्योति पदक की हैट्रिक की दौड़ में है. भारतीय तीरंदाज चार टीम स्पर्धाओं के फाइनल में पहुंच गए और कंपाउंड व्यक्तिगत वर्ग में ज्योति तथा प्रियांश सेमीफाइनल में पहुंचकर पदक की दौड़ में हैं. भारतीय टीम कंपाउंड पुरूष, महिला, मिश्रित और पुरूष रिकर्व टीम स्पर्धाओं के फाइनल में पहुंची है.

ज्योति और वर्मा को पहले दौर में बाय मिला था जिसके बाद उन्होंने 160 में से 160 अंक बनाकर आस्ट्रेलिया की जॉर्जिया ग्राहम और ब्रेंडन हावेस को आठ अंक से हराया . इसके बाद उन्होंने लक्जेमबर्ग की मारिया श्कोल्ना और जिलेस सेवर्ट को 155 . 151 से मात दी .
चौथी वरीयता प्राप्त भारतीय रिकर्व मिश्रित टीम अंकिता भकत और धीरज बोम्मादेवरा को सेमीफाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त कोरिया के लिम और किम वूजिन ने 6 . 0 से हराया . अब वे कांस्य पदक के लिये मैक्सिको से खेलेंगे. रिकर्व में तरूणदीप राय क्वार्टर फाइनल में आंद्रेस तेमिनो से 3 . 7 से हार गए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu