विमान के शौचालय में किशोरी का वीडियो बनाने की कोशिश के मामले में परिचारक अभ्यारोपित

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 27 Apr 2024 01:05 PM
विमान के शौचालय में किशोरी का वीडियो बनाने की कोशिश के मामले में परिचारक अभ्यारोपित
ऑडियो सुनें

अमेरिका: ‘अमेरिकन एयरलाइंस’ के एक विमान परिचारक को विमान के शौचालय में 14 वर्षीय एक किशोरी का वीडियो गुप्त रूप से रिकॉर्ड करने की कोशिश करने के मामले में बृहस्पतिवार को अभ्यारोपित किया गया।

पुलिस ने आरोप लगाया कि उत्तरी कैरोलाइना में चार्लोट के रहने वाले 36 वर्षीय एस्टेस कार्टर थॉम्पसन ककक के पास से उन चार और लड़कियों के वीडियो भी मिले जिन्होंने विमान के शौचालय का इस्तेमाल किया था।

थॉम्पसन को बच्चों के यौन शोषण के प्रयास के एक मामले में और नाबालिग की आपत्तिजनक तस्वीरें रखने के मामले में अभ्यारोपित किया गया है।

थॉम्पसन को जनवरी 2024 में गिरफ्तार किया गया था और वह तब से संघीय हिरासत में है। जांचकर्ताओं ने बताया कि चार्लोट से बोस्टन जा रही उड़ान में दो सितंबर 2023 को सवार 14 वर्षीय किशोरी को शौचालय जाना था लेकिन उसकी सीट के पास स्थित शौचालय में कोई था, जिसके बाद थॉम्पसन ने उसे प्रथम श्रेणी के शौचालय में जाने की सलाह दी।

उन्होंने बताया कि किशोरी के शौचालय में जाने से पहले थॉम्पसन ने उससे कथित रूप से कहा कि उसे हाथ धोना है और शौचालय की सीट टूटी हुई है। अधिकारी ने बताया कि इसके बाद थॉम्पसन शौचालय में गया और उसके बाहर निकलने के बाद किशोरी जब शौचालय में गई तो उसने सीट के ढक्कन के नीचे लाल स्टिकर देखे।

जांचकर्ताओं ने बताया कि थॉम्पसन ने वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए स्टिकर के नीचे अपना आईफोन छुपाया था। लड़की ने अपने फोन से स्टिकर और छुपाए गए आईफोन की तस्वीरें लीं और शौचालय से बाहर आ गई।

बच्चों के यौन शोषण के प्रयास का दोषी पाए जाने पर 15 से 30 साल के कारावास और किसी नाबालिग की आपत्तिजनक तस्वीरें रखने के मामले में 20 साल तक कारावास की सजा का प्रावधान है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav