प्रधानमंत्री मोदी गांधी परिवार को गाली दे रहे हैं क्योंकि उनके पास अपनी कोई उपलब्धि नहीं : खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 29 Apr 2024 08:22 PM
प्रधानमंत्री मोदी गांधी परिवार को गाली दे रहे हैं क्योंकि उनके पास अपनी कोई उपलब्धि नहीं : खरगे
ऑडियो सुनें

गुर्मत्कल. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गांधी परिवार को गाली दे रहे हैं क्योंकि उनके पास श्रेय लेने के लिए कोई उपलब्धि नहीं है. यादगिर जिले के गुर्मत्कल कस्बे में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए खरगे ने दावा किया कि शुरुआती दो चरणों के चुनाव में कांग्रेस को बढ.त मिली है जिससे मोदी चिंतित हैं. खरगे के दामाद राधाकृष्णा डोड्डामणि कलबुर्गी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं जहां पर सात मई को मतदान होगा और गुर्मत्कल इस निर्वाचन क्षेत्र का हिस्सा है.

उन्होंने कहा, ”हर कोई जानता है कि इस देश में मोदी के जन्म से पहले और बाद में क्या था, लेकिन वह अभी तक जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, लालबहादुर शास्त्री, राजीव गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मुझे गाली देते हैं क्योंकि उनके पास श्रेय के लिए कुछ भी नहीं है.” कांग्रेस के 81 वर्षीय नेता ने कहा, ”मोदी हताशा में कहते हैं कि कांग्रेस हर किसी की संपत्ति छीनकर उसे मुसलमानों के बीच बांट देगी. यह न तो संविधान में लिखा है और न ही हमारे घोषणापत्र में इसका कहीं उल्लेख है.”

उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस ने केवल यह कहा है कि वह गरीबों को उनका वाजिब हक देगी लेकिन ”कभी भी हिंदू-मुस्लिम के बारे में बात नहीं की.” खरगे ने कहा कि उनकी पार्टी ने पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत इंदिरा गांधी के कार्यकाल के दौरान भूमि सुधार, बैंकों के राष्ट्रीयकरण और जीवन बीमा निगम के माध्यम से ऐसा किया था. यह गरीबों के लिए किया गया था.

उन्होंने सवाल किया, ”पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी (संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार के दौरान)मनरेगा लेकर आईं. मोदी ने ऐसा कुछ किया? ” खरगे ने कहा कि कांग्रेस खाद्य सुरक्षा अधिनियम लेकर आई और गरीबों को हर महीने 35 किलोग्राम अनाज दिया, लेकिन मोदी ने कोविड-19 महामारी के दौरान पांच किलोग्राम अतिरिक्त अनाज दिया और शेखी बघार रहे हैं कि वह देश के 80 करोड़ लोगों को अनाज दे रहे हैं.

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ”आप (मोदी) दे रहे हैं क्योंकि हम कानून लेकर आए हैं जिसे कोई छीन नहीं सकता. यह काम है जो हमने किया है.” उन्होंने कहा, ”मोदी कहते हैं कि वह देश को मजबूत कर रहे हैं. क्या हम इसे कमजोर कर रहे हैं?यह हम थे जिसने पाकिस्तान के दो टुकड़े किये. आपने क्या किया? मोदी बात बहुत करते हैं. वह कहते हैं कि उनका 56 इंच का सीना है. इस 56 इंच के सीने का हम क्या करें? आप बताएं कि पेट के लिए क्या करें? आप हमें भोजन के लिए क्या दे रहे हैं? ” उन्होंने कहा, ” आज महंगाई ऐसा मुद्दा है जो गरीबों को चिंतित करता है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu