आरक्षण को लेकर भाजपा से सवाल करने पर प्रधानमंत्री प्रतिशोधपूर्ण रवैया अपना रहे: रेवंत रेड्डी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 01 May 2024 07:04 PM
आरक्षण को लेकर भाजपा से सवाल करने पर प्रधानमंत्री प्रतिशोधपूर्ण रवैया अपना रहे: रेवंत रेड्डी
ऑडियो सुनें

हैदराबाद/बेंगलुरु. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ हमला तेज करते हुए तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर आरोप लगाया कि वे भगवा दल से उसकी आरक्षण खत्म करने की कथित ‘साजिश’ को लेकर सवाल करने पर उनके खिलाफ प्रतिशोधपूर्ण रवैया अपना रहे हैं.

निजामाबाद लोकसभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय की शिकायत के आधार पर दिल्ली में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने कहा, ”मैंने भाजपा से सवाल किया. जब मैंने ऐसा किया तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने प्रतिशोधात्मक रवैया अपना लिया और मेरे खिलाफ दिल्ली में मामला दर्ज करा दिया.”

तेलंगाना कांग्रेस के अध्यक्ष रेवंत रेड्डी सोशल मीडिया पर प्रसारित केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ‘फर्जी’ वीडियो के संबंध में एक मई को जांच में शामिल होने के लिए दिल्ली पुलिस द्वारा जारी समन का जिक्र कर रहे थे. उन्होंने लोकसभा चुनाव को ‘तेलंगाना गौरव’ और ‘गुजरात प्रभुत्व’ के बीच का मुकाबला बताया.

मंगलवार को तेलंगाना में मोदी की चुनाव प्रचार सभा की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री का सम्मान करते हैं लेकिन ”मोदी गुजरात के व्यक्ति के रूप में तेलंगाना आए और हमें गाली दी.” उन्होंने कहा कि मोदी ने इस्पात संयंत्र, रेल कोच कारखाना और आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम, 2014 में तेलंगाना को दिए गए अन्य आश्वासनों और राज्य सरकार द्वारा केंद्र से किए गए अन्य अनुरोधों के बारे में बात नहीं की.

यौन उत्पीड़न के मामले में सच्चाई की जीत होगी: प्रज्वल रेवन्ना

कर्नाटक की हासन लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं जनता दल सेक्युलर (जदएस) गठबंधन के प्रत्याशी प्रज्वल रेवन्ना ने कथित यौन उत्पीड़न के आरोपों पर प्रक्रिया देते हुए कहा कि सच्चाई की जीत होगी. वह कई महिलाओं के कथित यौन उत्पीड़न को लेकर जांच का सामना कर रहे हैं. वह हासन के मौजूदा सांसद हैं.

हासन में मतदान होने के तुरंत बाद विदेश गये रेवन्ना ने मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) के समक्ष उपस्थित होने के लिए सात दिन का समय मांगा है. कर्नाटक पुलिस ने उनसे कथित रूप से जुड़े करीब 3000 अश्लील वीडियो एवं तस्वीर वायरल होने के बाद पूरे प्रकरण की जांच के लिए एसआईटी गठित की है.

पूर्व प्रधानमंत्री एवं जदएस के शीर्षस्थ नेता एच. डी. देवेगौड़ा के पोते प्रज्वल ने सोशल मीडिया मंच ‘फेसबुक’ पर जारी एक पोस्ट में कहा, ”मैं जांच में शामिल होने के लिए बेंगलुरु में नहीं हूं और मैंने अपने वकील के माध्यम से सीआईडी बेंगलुरु को यह बता दिया है. जल्द सच्चाई की जीत होगी.” पूर्व विधायक एवं मंत्री एच. डी. रेवन्ना एवं उनके बेटे प्रज्वल के खिलाफ होलेनारसिपुरा में उनकी घरेलू सहायिका की शिकायत पर एक प्राथमिकी दर्ज की गई है. महिला ने यौन उत्पीड़न करने सहित यह भी आरोप लगाया कि प्रज्वल ने उसकी बेटी को वीडियो कॉल किया और आपत्तिजनक तरीके से उससे बात की जिसके बाद उसने (उसकी बेटी ने) फोन पर उसे ‘ब्लॉक’ कर दिया.

प्रज्वल रेवन्ना का राजनयिक पासपोर्ट तुरंत रद्द किया जाए: सिद्धरमैया का प्रधानमंत्री से अनुरोध

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बुधवार को कहा कि कई महिलाओं का यौन उत्पीड़न करने के आरोपों का सामना कर रहे सांसद प्रज्वल रेवन्ना ने विदेश जाने के लिए राजनयिक पासपोर्ट का इस्तेमाल किया था और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से इसे निरस्त करने के लिए त्वरित कार्रवाई करने का अनुरोध किया.

मोदी को लिखे एक पत्र में उन्होंने अन्य कदम उठाने के लिए भी कहा जैसे कि भारत सरकार के राजनयिक और पुलिस चैनलों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय पुलिस एजेंसियों का उपयोग करके ‘फरार’ संसद सदस्य की शीघ्र वापसी सुनिश्चित करना ताकि उन्हें कानून के कठघरे में खड़ा किया जा सके.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu