अपहरण और दुष्कर्म मामले में फरार व्यक्ति घटना के 40 वर्षों बाद उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 07 May 2024 07:47 PM
अपहरण और दुष्कर्म मामले में फरार व्यक्ति घटना के 40 वर्षों बाद उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

मुंबई. मुंबई पुलिस ने अपहरण और दुष्कर्म के एक मामले में पिछले 40 वर्षों से फरार चल रहे 70 वर्षीय व्यक्ति को उत्तर प्रदेश के आगरा से गिरफ्तार किया है. एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान पापा उर्फ दाउद बंदू खान के रूप में हुई है. उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर दक्षिण मुंबई के डॉ. दादाभाई भड़कामकर मार्ग थाने के पुलिसर्किमयों की एक टीम ने खान को सोमवार को आगरा में धर दबोचा.

अधिकारी ने बताया कि आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाया गया और उसे यहां अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा. उन्होंने बताया, ”वर्ष 1984 में एक महिला की शिकायत के आधार पर खान के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया था.” खान को मामले में गिरफ्तार किया गया था और वह जमानत पर रिहा था.

अधिकारी ने बताया, ”जैसे ही मुकदमे की सुनवाई शुरू हुई तो आरोपी एक-दो तारीखों पर अदालत में पेश हुआ लेकिन उसके बाद से वह कभी अदालत में नहीं आया. अदालत ने उसे मामले में भगोड़ा घोषित किया हुआ था.” डॉ. डीबी मार्ग थाना की एक टीम ने खोज अभियान शुरू किया और फाल्कलैंड मार्ग स्थित उसके आवास पर छापा मारा, जिसके बाद मालूम हुआ कि वह अपनी संपत्ति बेचकर अपने परिवार के साथ शहर छोड़कर चला गया.

अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि वह उत्तर भारत के किसी राज्य में छिपा हुआ है. उन्होंने बताया कि इतने वर्षों तक अलग-अलग थानों की पुलिस टीमों ने उसे ढूंढने का प्रयास किया लेकिन उसका सुराग नहीं मिला. अधिकारी ने बताया, ”पुलिस अधिकारियों को हाल ही में सूचना मिली कि आरोपी अपने परिवार के साथ आगरा में रह रहा है, जिसके बाद पुलिस की एक टीम को उत्तर प्रदेश भेजा गया, जहां खान को पकड़ लिया गया.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu