खेल जगत ने छेत्री के संन्यास पर कहा, खेल का असली ‘लीजेंड’

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 16 May 2024 10:43 PM
खेल जगत ने छेत्री के संन्यास पर कहा, खेल का असली ‘लीजेंड’
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. चैम्पियन फुटबॉलर सुनील छेत्री के बृहस्पतिवार को अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने की घोषणा के बाद खेल जगत के दिग्गजों ने उनकी उपलब्धियों की सराहना की जिसमें विराट कोहली, 2011 विश्व कप के नायक युवराज सिंह और स्टार फुटबॉलर बाईचुंग भूटिया शामिल हैं.

लंबे समय से राष्ट्रीय टीम की कप्तानी कर रहे छेत्री ने छह जून को कोलकाता में कुवैत के खिलाफ फीफा विश्व कप क्वालीफाइंग मैच के बाद संन्यास की घोषणा की. छेत्री के इस्ंटाग्राम पर पोस्ट किये गये वीडियो पर प्रतिक्रिया करते हुए कोहली ने उन्हें अपना अच्छा मित्र बताते हुए लिखा, ”मेरे भाई, तुम पर फक्र है. ” युवराज ने उन्हें ‘लीजेंड’ करार करते हुए कहा कि 39 वर्ष के खिलाड़ी की 150 राष्ट्रीय मैच खेलने की लंबी विरासत लंबे समय तक बरकरार रहेगी.

उन्होंने अपनी ‘इस्ंटाग्राम स्टोरी’ पर लिखा, ”खेल का सही मायने में ‘लीजेंड’ जिसने भारतीय फुटबॉल को वैश्विक मंच तक पहुंचाया. आपके जुनून ने एक पीढ़ी को इस खेल में आने के लिए प्रेरित किया है. भारतीय खेलों में आपकी विरासत हमेशा याद रहेगी. अब आप अपना विदाई मैच खेलने के लिए तैयार हो तो आप गर्व के साथ मुड़कर देख सकते हो. शुक्रिया ‘लीजेंड’. ” महान भारतीय स्ट्राइकर भूटिया ने पीटीआई से कहा कि यह भारतीय फुटबॉल के लिए बहुत बड़ा नुकसान है.

पूर्व भारतीय कप्तान भूटिया ने कहा, ”इसमें कोई शक नहीं कि सुनील भारत के महानतम खिलाड़ियों में से एक है. भारतीय फुटबॉल के लिए उसका योगदान बहुत ज्यादा है. भारतीय फुटबॉल के लिए यह बड़ा नुकसान होगा. ” भूटिया ने कहा, ”मैं भाग्यशाली हूं कि सीनियर खिलाड़ी के तौर पर उसके साथ खेला. जब मैं आया था तो आई एम विजयन मेरे सीनियर थे और मेरे बाद सुनील आया. मैं बहुत भाग्यशाली हूं कि भारतीय फुटबॉल की अगुआई करने वाले दो दिग्गजों के बीच में मैंने टीम की कप्तानी की थी. ”

टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम के सदस्य क्रिकेटर युजवेंद्र चहल ने ‘एक्स’ पर लिखा, ”आपका सफर कितना शानदार रहा. इस शानदार करियर के लिए आपको बधाई. ” छेत्री के क्लब बेंगलुरु एफसी और भारतीय टीम के साथी गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू ने ‘एक्स’ पर लिखा, ”कभी भी ऐसा होता हुआ नहीं देखना चाहता था. काश ऐसा कुछ कर पाता कि आपका मन बदल पाता लेकिन मैं समझता हूं कि ऐसा क्यों हो रहा है भाई. मेरे कप्तान पूरे देश को छह जून को आपका अंतरराष्ट्रीय करियर का जश्न उस तरह मनाने की जरूरत है जिस तरीके के आप हकदार हो. ”

अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ ने कहा कि छेत्री आने वाली पीढ़ी को प्रेरित करना जारी रखेंगे. महासंघ ने कहा, ”आपकी मैदान के अंदर और बाहर की विरासत हमेशा याद रहेगी. आप हमेशा ही हमें प्रेरित करते हो और हमेशा ऐसा करना जारी रखोगे. शुक्रिया. ” भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने छेत्री को ‘शानदार आइकन’ करार करते हुए कहा कि उनका ‘करियर बेहद असाधारण रहा है और आप भारतीय फुटबॉल और भारतीय खेलों के लिए शानदार ‘आइकन’ रहे हैं. ” भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव ने छेत्री को शानदार करियर पर बर्धा दी.

इंडियन प्रीमियर लीग की फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 11 नंबर की जर्सी को सलामी करते हुए कहा, ”कप्तान आपका कितना शानदार सफर रहा है. 94 अंतरराष्ट्रीय गोल, इतनी उपलब्धियां, आपने इतने सारे युवा भारतीयों को बड़ा सपना देखने के लिए प्रेरित किया है. 11वें नंबर (नौवें नंबर) की जर्सी को अलविदा, लेकिन भारत के नंबर एक कप्तान. ”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu