प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया में भारत की छवि बदल दी : भारतवंशी डॉक्टर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 16 May 2024 07:59 PM
प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया में भारत की छवि बदल दी : भारतवंशी डॉक्टर
ऑडियो सुनें

वाशिंगटन. भारतीय-अमेरिकी समुदाय के एक नामी डॉक्टर ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने शासन के पिछले 10 वर्षों में दुनिया में भारत की छवि बदल दी और एक सच्चे वैश्विक नेता के रूप में उभरे हैं. पेंसिल्वेनिया प्रांत के फिलाडेल्फिया के भारतवंशी हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ बिंदुकुमार कंसुपाड़ा ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ एक साक्षात्कार में कहा, ”प्रधानमंत्री मोदी दुनिया में न केवल भारत की बल्कि भारतीयों की छवि बदल रहे हैं. उन्हें अब एक वैश्विक नेता माना जाता है…मुझे विश्वास है कि मोदी भारतीय गौरव, भारतीय संस्कृति, योग, आयुर्वेद के प्राचीन भारतीय ज्ञान को पुनर्जीवित कर रहे हैं.” डॉ. कंसुपाड़ा दो दिवसीय वार्षिक सम्मेलन ”डेसिस डिसाइड्स” में भाग लेने के लिए यहां आए थे, जिसे बुधवार को उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने संबोधित किया था. कंसुपाड़ा ‘व्हील्स ग्लोबल फाउंडेशन’ के निदेशक मंडल में हैं.

हालिया समय में कई बार भारत की यात्रा करने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ”मेरे दृष्टिकोण से मोदी ने काफी कुछ किया है. शिक्षा में, जब मैं मेडिकल कॉलेज में था, उस वक्त मुंबई में केवल चार मेडिकल कॉलेज थे. अब भारत में, 700 से अधिक मेडिकल कॉलेज हैं. प्रत्येक जिले में एक मेडिकल कॉलेज है. मुझे याद है कि 1970 में भारत में केवल पांच आईआईटी थे. अब 23 आईआईटी हैं.” भारतवंशी डॉक्टर ने कहा, ”भारतीय युवाओं में जबरदस्त आत्मविश्वास है. पर्यटन के साथ तीर्थाटन विकसित हो गया है. हवाई अड्डों की संख्या बढ़ रही है. खुशहाली सूचकांक में सुधार हो रहा है. लोग अधिक आत्मनिर्भर हैं और मुझे लगता है कि लोगों को भारतीय होने पर गर्व है.”

एक सवाल पर डॉ. कंसुपाड़ा ने कहा कि मोदी ने भारत के लोगों को गौरव की अनुभूति करायी है. डॉ. कंसुपाड़ा ने कहा कि उन्हें आश्चर्य नहीं होगा अगर भारतीय-अमेरिकी समुदाय की युवा पीढ़ी को व्यवसाय विकास और सामुदायिक मामलों के लिए कभी-कभी भारत का दौरा करना पड़े क्योंकि देश अब उत्कृष्टता का केंद्र है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu