रायपुर के एम्स में मेडिकल के छात्र ने आत्महत्या की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 22 May 2024 06:55 PM
रायपुर के एम्स में मेडिकल के छात्र ने आत्महत्या की
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्वज्ञिान संस्थान (एम्स) के एक छात्र ने अपने छात्रावास के कमरे में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एम्स के छात्र रंजीत भोयर (25) ने एम्स परिसर स्थित अपने छात्रावास के कमरे में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली.

उन्होंने बताया, ”मंगलवार को भोयर के मित्रों ने उसे बेहोशी की हालत में देखा तब उन्होंने तुरंत छात्रावास वार्डन को सूचित किया. जब चिकित्सकों ने उसकी जांच की तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी.” अधिकारियों ने बताया कि छात्र उड़ीसा की राजधानी भुवनेश्वर का रहने वाला था.

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद आमानाका थाना क्षेत्र की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. बाद में शव को परिवार के सदस्यों को सौंप दिया गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि भोयर ने पिछले वर्ष पीजी इंटर्न की परीक्षा पास नहीं की थी तब से वह अवसाद में था, जिसका वह उपचार करा रहा था.

उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि उन्होंने दवाइयों का अधिक मात्रा में सेवन कर लिया था. मौत के सही कारणों की जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मिल सकेगी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से कोई भी पत्र बरामद नहीं किया है. उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu