अभिनय की दुनिया में पहला काम मिलने में दो साल लगे : राजकुमार राव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 02 Jun 2024 07:31 PM
अभिनय की दुनिया में पहला काम मिलने में दो साल लगे : राजकुमार राव
ऑडियो सुनें

मुंबई. अभिनेता राजकुमार राव का कहना है कि बॉलीवुड में जगह बनाना उनके लिए आसान नहीं था और वह खुश हैं कि उन्हें अपनी जीविका कमाने के लिए फिल्में मिल रही हैं, क्योंकि उनके पास जीवन में कुछ और करने की कोई अन्य योजना नहीं थी.
राजकुमार की हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘मिस्टर एंड मिसेज माही’ एक ऐसे विवाहित जोड़े की कहानी है, जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए कई बाधाओं का सामना करते हैं. फिल्म में राजकुमार के साथ जान्हवी कपूर अहम भूमिका में हैं. इस फिल्म का निर्देशन शरण शर्मा (‘गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल’) ने किया है.

भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) से स्नातक राजकुमार राव ने 2010 में राम गोपाल वर्मा की फिल्म ‘रण’ से अपने करियर की शुरुआत की थी. उसी वर्ष राजकुमार दिबाकर बनर्जी की ‘लव सेक्स और धोखा’ में प्रमुख भूमिका में नजर आए.
राजकुमार राव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक विशेष साक्षात्कार में कहा, ”मेरी बाधा वह पहली फिल्म, वह पहली नौकरी पाना था, और इसमें लगभग दो साल का समय लग गया. मैं प्रति दिन काम की तलाश में बाहर जाता था, और यह आसान नहीं था. लेकिन, मेरे पास जीवन में कुछ और करने की कोई अन्य योजना नहीं थी. यह एकमात्र काम था जो मुझे करना था और करना चाहिए था. मैं इसे हर दिन कर रहा हूं.” गुरुग्राम में जन्मे अभिनेता ने मध्यम बजट की विषय-वस्तु वाली फिल्मों की वकालत की, जिन्हें अक्सर दर्शक मिलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है.

राजकुमार ने कहा, ” आज हम भाग्यशाली हैं कि हमें वैसी फिल्में करने का मौका मिल रहा है, जैसी हम करना चाहते हैं और इन निर्माताओं के साथ काम कर रहे हैं. इन फिल्मों (मध्यम बजट की विषय-वस्तु वाली) के लिए एकमात्र बाधा यह होती है कि ये फिल्में लोगों तक पहुंचें और लोग सिनेमाघरों में आएं, ताकि हम ऐसी और भी फिल्में बना सकें तथा इन खूबसूरत कहानियों को बार-बार बता सकें. ” पिछले कुछ वर्षों में राजकुमार राव ने विभिन्न फिल्मों के माध्यम से आलोचनात्मक और व्यावसायिक सफलता हासिल करने में बड़ी उपलब्धि हासिल की है, जिनमें ‘शाहिद’, ‘अलीगढ.’, ‘बरेली की बर्फी’, ‘ट्रैप्ड’, ‘न्यूटन’, ‘स्त्री’, ‘द व्हाइट टाइगर’, ‘मोनिका, ओ माई डार्लिंग’ और ‘बधाई दो’ जैसी फिल्में शामिल हैं.

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित अभिनेता ने अपनी पिछली फिल्म ‘श्रीकांत’ का उदाहरण देते हुए कहा कि अच्छी फिल्मों को अंतत? दर्शक मिल ही जाते हैं. उन्होंने कहा, ” यह आप (मीडिया) पर निर्भर करता है कि आप फिल्मों के बारे में सकारात्मक बातें करें और लोगों को सिनेमाघरों में जाकर फिल्में देखने के लिए प्रेरित करें, कम से कम अच्छी फिल्मों के लिए तो लोगों को प्रेरित करें. हमारे पास ऐसे उदाहरण हैं, जहां अच्छी फिल्मों को उनके दर्शक मिले हैं. ” राजकुमार ने कहा, ”मुझे उम्मीद है कि हमारी फिल्म (‘मिस्टर एंड मिसेज माही’) अच्छी होगी और इसे बड़ी संख्या में दर्शक मिलेंगे. हो सकता है कि इसकी शुरुआत धीमी हो, लेकिन दर्शकों द्वारा मौखिक रूप से फिल्म का प्रचार करना, किसी फिल्म के लिए सबसे बेहतर प्रचार है, यह आगे बढ.ेगा.” फिल्म निर्माण कंपनी ‘धर्मा प्रोडक्शंस’ के अनुसार ‘मिस्टर एंड मिसेज माही’ ने अपनी रिलीज के दो दिनों के भीतर घरेलू स्तर पर बॉक्स ऑफिस पर 11.50 करोड़ रुपये की कमाई की है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu