नयी दिल्ली. कांग्रेस ने अपने नेता सैम पित्रोदा को बुधवार को एक बार फिर से ‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस’ का प्रमुख नियुक्त कर दिया. पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पित्रोदा की फिर से नियुक्ति की. पित्रोदा ने लोकसभा चुनाव के दौरान आठ मई को ‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस’ के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था. उनकी उस टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया था जिसमें उन्होंने कहा था कि ”पूर्व के लोग चीनी और दक्षिण भारतीय अफ्रीकी नागरिकों जैसे दिखते हैं”.
सत्तारूढ. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पित्रोदा की ”नस्ली” टिप्पणियों को लेकर उन पर निशाना साधते हुए दावा किया था कि इससे विपक्षी दल की ”विभाजनकारी” राजनीति बेनकाब हो गई है. वहीं, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि खरगे ने पित्रोदा को इस आश्वासन पर दोबारा नियुक्त किया है कि वह भविष्य में इस तरह के विवाद पैदा होने की गुंजाइश नहीं छोड़ेंगे.
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “हाल ही में चुनाव प्रचार के दौरान सैम पित्रोदा ने कुछ ऐसे बयान और टिप्पणियां की थीं जो भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के लिए पूरी तरह से अस्वीकार्य थीं. आपसी सहमति से उन्होंने प्रवासी भारतीय कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था. इसके बाद उन्होंने उस संदर्भ को स्पष्ट किया जिसमें बयान दिया गया था और बाद में प्रधानमंत्री के प्रचार अभियान में तोड़-मरोड़कर पेश किया गया.” उन्होंने कहा, “कांग्रेस अध्यक्ष ने उन्हें इस आश्वासन पर दोबारा नियुक्त किया है कि वह भविष्य में इस तरह के विवाद पैदा होने की गुंजाइश नहीं छोड़ेंगे.”