हिंदू जाग चुका है, प्रधानमंत्री झूठ नहीं बेच पाएंगे: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 01 Jul 2024 10:36 PM
हिंदू जाग चुका है, प्रधानमंत्री झूठ नहीं बेच पाएंगे: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने सोमवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हिंदू धर्म का ठेकेदार बनने की कोशिश कर रही है, जबकि इन्हीं लोगों से हिंदू विचार की छवि को बचाने की जरूरत है. पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा कि ‘हिंदू जाग चुका है’ और अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी झूठ नहीं बेच पाएंगे. उनका कहना था कि प्रधानमंत्री को ‘नीट’ और अग्निपथ योजना जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर जवाब देना चाहिए.

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर देश में हिंसा, नफरत तथा डर फैलाने का आरोप लगाया और दावा किया कि ”ये लोग हिंदू नहीं हैं”, जिस पर सत्ता पक्ष के सदस्यों ने जोरदार तरीके से विरोध जताया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि पूरे हिंदू समाज को हिंसक कहना बहुत गंभीर विषय है. राहुल गांधी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए यह भी कहा कि हिंदू कभी हिंसा नहीं कर सकता, कभी नफरत और डर नहीं फैला सकता.

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष पर भाजपा नेताओं के हमले को लेकर पलटवार करते हुए खेड़ा ने संवाददाताओं से कहा, ” क्या कुछ बौने लोग हिंदू विचार के ठेकेदार बनेंगे. क्या कुछ बौने लोग हिंदू की विशाल विचारधारा पर कब्जा कर, उसे अपने साइज का बना देंगे. हमें लगता था कि हम लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए निकले हैं. लेकिन पिछले 10 साल में हम समझ गए कि हमें हिंदू विचार की छवि को भी बचाना पड़ेगा, नहीं तो ये बौने लोग उसे भी अपने कद का बना देंगे.”

उन्होंने कहा, ”पिछले 10 साल से एक नारा सुनते होंगे कि मैं हिंदू जगाने निकला हूं. हिंदू जाग चुका है नरेंद्र मोदी जी. वो अयोध्या में जागा और वाराणसी में आपके साथ क्या हुआ, ये पूरी दुनिया ने देखा. अब आप झूठ नहीं बेच पाएंगे. अब आप अपनी छद्म राष्ट्रभक्ति और छद्म हिंदुत्व के पीछे नहीं छिप पाएंगे.” खेड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री को नीट, अग्निपथ, महिलाओं के मुद्दे और किसानों को लेकर जवाब देना चाहिए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu