
मुंबई. टेलीविजन अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी दहिया और उनके पति विवेक दहिया भारत लौट आए हैं. कुछ दिनों पहले ही इटली के फ्लोरेंस शहर की यात्रा के दौरान दोनों लूटपाट का शिकार हो गए थे. दोनों छुट्टी मनाने के लिए वहां गए थे, लेकिन पिछले सप्ताह उन्हें एक अप्रिय घटना का सामना करना पड़ा. एक रिसॉर्ट के पास खड़ी उनकी कार की खिड़की तोड़कर किसी ने उनका कीमती सामान और पासपोर्ट चोरी कर लिया.
दिव्यंका और विवेक ने बताया कि चोरी के बाद उनके पास कुछ भी नहीं बचा था और भारतीय दूतावास ने कैसे उन्हें वापस लौटने के लिए आपात प्रमाणपत्र जारी किया. मंगलवार को सामने आए एक वीडियो में इस जोड़े को मुंबई में हवाई अड्डे से बाहर आते हुए देखा गया.
दिव्यांका ने कहा, “घर लौटकर हर किसी को हमेशा खुशी होती है. हमें खुशी है कि हमारी समस्या हल हो गई और भारतीय दूतावास ने हमारी मदद की. यह बहुत डरावना था और मैं बाद में सब कुछ विस्तार से बताऊंगी.” अभिनेत्री “ये है मोहब्बतें” में अपनी भूमिका के लिए लोकप्रिय रही हैं, जिसमें विवेक भी थे. दोनों 2016 में भोपाल में शादी के बंधन में बंधे थे.



