लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता होंगे गौरव गोगोई, के. सुरेश होंगे मुख्य सचेतक

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 14 Jul 2024 08:55 PM
लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता होंगे गौरव गोगोई, के. सुरेश होंगे मुख्य सचेतक
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस के गौरव गोगोई लोकसभा में पार्टी के उप नेता होंगे और इस निर्णय के बारे में एक पत्र लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को भेजा गया है. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि कांग्रेस के संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष बिरला को पत्र लिखकर उन्हें संसद के निचले सदन में कांग्रेस के उप नेता, मुख्य सचेतक और दो सचेतक नियुक्त किये जाने के बारे में जानकारी दी है.

उन्होंने बताया गोगोई लोकसभा में पार्टी के उप नेता होंगे, जबकि केरल से आठ बार के सांसद के. सुरेश पार्टी के मुख्य सचेतक होंगे.
उन्होंने बताया कि विरुधुनगर के सांसद मणिकम टैगोर और किशनगंज के सांसद मोहम्मद जावेद लोकसभा में पार्टी के सचेतक होंगे.
इससे पहले, पार्टी ने राहुल गांधी को लोकसभा में विपक्ष का नेता नियुक्त किया था.

वेणुगोपाल ने कहा, ”विपक्ष के नेता राहुल गांधी के मार्गदर्शन में कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन के दल लोकसभा में जनता के मुद्दों को जोरदार ढंग से उठाएंगे.” गोगोई लोकसभा के पिछले कार्यकाल में भी पार्टी के उपनेता थे. गोगोई ने सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और वेणुगोपाल के प्रति आभार व्यक्त किया. गोगोई ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”मैं अपने सहयोगियों को बधाई देता हूं. हमारा उद्देश्य संसद में भारत के लोगों की आवाज उठाना और हमारे लोकतंत्र को मजबूत करना होगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu