कैंसर के इलाज के बीच काम पर लौटीं हिना खान, बीमारी का पता चलने के बाद की पहली शूटिंग

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 16 Jul 2024 09:13 PM
कैंसर के इलाज के बीच काम पर लौटीं हिना खान, बीमारी का पता चलने के बाद की पहली शूटिंग
ऑडियो सुनें

मुंबई. ब्रेस्ट कैंसर से पीड़ित, छोटे पर्दे की लोकप्रिय अदाकारा हिना खान काम पर लौट आईं और बीमारी का पता चलने के बाद उन्होंने पहली शूटिंग की है. ब्रेस्ट कैंसर की तीसरी स्टेज के लिए हिना का इलाज चल रहा है. ”यह रिश्ता क्या कहलाता है” धारावाहिक में मुख्य भूमिका निभाने के बाद टेलीविजन उद्योग का एक लोकप्रिय चेहरा बन चुकीं हिना ने पिछले महीने सोशल मीडिया मंच ‘ इंस्टाग्राम’ पर एक पोस्ट के माध्यम से अपनी बीमारी के बारे में बताया था.

अभिनेत्री सोशल मीडिया के माध्यम से अपने शुभचिंतकों को अपने इलाज और कीमोथैरेपी के बारे में जानकारी देती रहती हैं. सोमवार को एक नए वीडियो में हिना को, कैंसर का पता चलने के बाद पहली बार काम के लिए तैयार होते देखा गया. इसके लिए उन्होंने विग पहना हुआ था.

अभिनेत्री ने अपने वीडियो के कैप्शन के जरिये प्रेरक संदेश देने का प्रयास किया है. उन्होंने लिखा, ”बीमारी का पता चलने के बाद मेरा पहला काम. बहुत कुछ चुनौतीपूर्ण है, खासकर जब जीवन की सबसे बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा हो. इसलिए बुरे दिनों में खुद को आराम दें, यह ठीक है… आप इसके हकदार हैं. हालाँकि, अपने जीवन के अच्छे दिनों को न भूलें, चाहे वे कितने भी कम क्यों न हों, ये दिन अभी भी महत्व रखते हैं. बदलाव को स्वीकार करें, विषमताओं को अपनाएं और इसे सामान्य बनाएं.” उन्होंने कहा कि अगर शक्ति और ऊर्जा है तो काम को सामान्य बनाना महत्वपूर्ण है.

हिना ने आगे लिखा, ”और इस बीमारी से जूझ रहे सभी खूबसूरत लोग याद रखें, यह आपकी कहानी है, यह आपका जीवन है. आप तय करते हैं कि इसे क्या बनाना है. हार न मानें और जो करना आपको पसंद है उसे खोजें. आपका काम, आपका जुनून. अगर आप नहीं जानते कि यह क्या है, तो इसे टटोलें. लेकिन अपने आप को वह ‘उपचार’ देना याद रखें जिसके आप हकदार हैं क्योंकि जो आपको पसंद है वह भी ‘उपचार’ ही है .” हिना खान ने ”हैक्ड” और ”शिंदा शिंदा नो पापा” जैसी कुछ फिल्मों में भी अभिनय किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu