एशियाई पैरालंपिक समिति ने दीपा मलिक को दक्षिण एशिया के लिए प्रतिनिधि नियुक्त किया

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 17 Jul 2024 03:19 PM
एशियाई पैरालंपिक समिति ने दीपा मलिक को दक्षिण एशिया के लिए प्रतिनिधि नियुक्त किया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: भारत की पहली महिला पैरालंपिक पदक विजेता दीपा मलिक को एशियाई पैरालंपिक समिति (एपीसी) ने दक्षिण एशिया के लिए उप क्षेत्रीय प्रतिनिधि नियुक्त किया है। एपीसी की 34वीं कार्यकारी बोर्ड बैठक के दौरान इस नियुक्ति की पुष्टि की गई। यह नियुक्ति पैरा खेलों में लैंगिक विविधता और खिलाड़ियों के नेतृत्व के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। दीपा मलिक तुरंत पद की जिम्मेदारी संभालेंगी।

मीडिया विज्ञप्ति के अनुसार भारत की पूर्व पैरालंपिक समिति प्रमुख की नियुक्ति से कार्यकारी बोर्ड में महिला प्रतिनिधियों की संख्या पांच हो गई है जो एपीसी के इतिहास में बोर्ड में महिलाओं का सबसे अधिक प्रतिनिधित्व है।
एपीसी के अध्यक्ष माजिद रशीद ने कहा, ‘‘हमारे कार्यकारी बोर्ड की बैठकों में महिलाओं की संख्या में इजाफा होना सकारात्मक कदम है, विशेषकर जब डॉक्टर दीपा मलिक के अनुभव, कौशल और जानकारी रखने वाली कोई महिला इसमें शामिल हो। ’’

दीपा की भूमिका में दक्षिण एशियाई देशों का प्रतिनिधित्व करना और इस क्षेत्र में पैरा खेलों के विकास और इन्हें प्रोमोट करने की वकालत करना होगा। दीपा ने कहा, ‘‘दक्षिण एशिया का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए सम्मान की बात है और मेरे लिए शानदार मौका है। भारत लंबे समय से ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ का नेतृत्वकर्ता रहा है और अब इस बड़े परिवार में योगदान देने के लिए आगे बढ़ने का सही समय है। ’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav