फिर आईओसी सदस्य चुनी गईं नीता अंबानी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 24 Jul 2024 09:10 PM
फिर आईओसी सदस्य चुनी गईं नीता अंबानी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक नीता अंबानी को बुधवार को पेरिस में सर्वसम्मति से दोबारा भारत से अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) का सदस्य चुना गया. पेरिस में चल रहे आईओसी के 142वें सत्र के दौरान हुए मतदान में नीता को शत प्रतिशत मत मिले.

नीता ने पुन: आईओसी सदस्य चुने जाने के बाद विज्ञप्ति में कहा, ”मैं अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के सदस्य के रूप में फिर से चुने जाने पर बहुत सम्मानित महसूस कर रही हूं. मैं अध्यक्ष (थॉमस) बाक और आईओसी में अपने सभी सहयोगियों को मुझ पर उनके विश्वास और भरोसे के लिए धन्यवाद देना चाहती हूं.”

उन्होंने कहा, ”फिर से (सदस्य) चुना जाना ना केवल एक व्यक्तिगत मील का पत्थर है बल्कि वैश्विक खेल क्षेत्र में भारत के बढ़ते प्रभाव की मान्यता भी है. मैं हर भारतीय के साथ खुशी और गर्व के इस पल को साझा करती हूं और भारत तथा दुनिया भर में ओलंपिक आंदोलन को मजबूत करने के हमारे प्रयासों को जारी रखने के लिए तत्पर हूं.” नीता को पहली बार 2016 में रियो डि जिनेरियो ओलंपिक खेलों के दौरान इस प्रतिष्ठित संस्था में शामिल किया गया था. वह आईओसी में शामिल होने वाली भारत की पहली महिला हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu