भारतीय महिला टीम से भिड़ेगा बांग्लादेश, मलेशिया को 114 रन से हराया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 24 Jul 2024 10:10 PM
भारतीय महिला टीम से भिड़ेगा बांग्लादेश, मलेशिया को 114 रन से हराया
ऑडियो सुनें

दाम्बुला. बांग्लादेश महिला टीम ने मुर्शिदा खातून (80 रन) और कप्तान निगार सुल्ताना (नाबाद 62) के अर्धशतकों की बदौलत बुधवार को यहां महिला एशिया कप टी20 क्रिकेट मैच में मलेशिया को 114 रन से पराजित कर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया जिसमें उसका सामना 26 जुलाई को भारतीय टीम से होगा.

वहीं शुक्रवार को दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका की भिड़ंत पाकिस्तान से होगी. श्रीलंका ने बुधवार को ग्रुप मैच में थाईलैंड को 51 गेंद रहते 10 विकेट से रौंदकर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया. बांग्लादेश ने मुर्शिदा के करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी और निगार के अर्धशतक तथा दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 56 गेंद में 89 रन की साझेदारी की मदद से निर्धारित 20 ओवर में दो विकेट पर 191 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. यह टीम का दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी है.

इसके बाद बांग्लादेश ने कसी गेंदबाजी से मलेशिया को 20 ओवर में आठ विकेट पर महज 77 रन ही बनाने दिये. मलेशिया इस तरह टूर्नामेंट में अपने अभियान में एक भी जीत दर्ज नहीं कर सका. मलेशिया के लिए एल्सा हंटर ने सर्वाधिक 20 रन बनाए. बांग्लादेश ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए दिलारा अख्तर (33 रन) और मुर्शिदा के बीच पहले विकेट के लिए 65 रन की भागीदारी से अच्छी शुरूआत की और बड़े स्कोर की नींव रखी. दिलारा के आउट होने के बाद कप्तान निगार ने शानदार बल्लेबाजी की और मुर्शिदा के साथ शानदार साझेदारी की.

मुर्शिदा ने 59 गेंद का सामना करते हुए अपनी पारी में 10 चौके और एक छक्का जड़ा जबकि निगार ने 37 गेंद में पांच चौके और दो छक्के से नाबाद 62 रन जोड़े. इसके बाद बांग्लादेश की गेंदबाज नाहिदा अख्तर (13 रन देकर दो विकेट), शोर्णा अख्तर सबीकुन नाहर जेस्मिन, राबिया खान, रितु मोनी और जहांआरा आलम की कसी गेंदबाजी से मलेशिया को लगातार झटके दिये. इन सभी गेंदबाजों ने एक एक विकेट झटके. दिन के दूसरे मैच में श्रीलंका ने थाईलैंड को 20 ओवर में सात विकेट पर 93 रन ही बनाने दिये. इसके बाद कप्तान चामरी अटापट्टू (नाबाद 49 रन) और विश्मी गुणरत्ने (नाबाद 39 रन) ने यह लक्ष्य 11.3 ओवर में बिना विकेट गंवाये 94 रन बनाकर हासिल कर लिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu