भाजपा ने कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद के बयान को ‘अराजकतावादी’ करार दिया

बांग्लादेश में जो हो रहा है वह यहां भी हो सकता है : सलमान खुर्शीद

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद के उस बयान को ‘अराजकतावादी’ करार दिया जिसमें उन्होंने कहा था कि बांग्लादेश जैसे हालात भारत में भी पैदा हो सकते हैं. खुर्शीद ने मंगलवार रात एक पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में कहा था कि ”ऊपरी तौर पर भले ही सब कुछ सामान्य लगे”, लेकिन बांग्लादेश में जो हो रहा है वह भारत में भी हो सकता है.

भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा सदस्य अनुराग ठाकुर ने खुर्शीद की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस की आलोचना की और आरोप लगाया कि मुख्य विपक्षी पार्टी लगातार तीन लोकसभा चुनावों में हार का सामना करने के बाद देश को ‘अराजकता’ की ओर धकेलना चाहती है. पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेताओं की इस तरह की ‘बेतुकी टिप्पणियां’ पार्टी की मानसिकता को दर्शाती हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश को पीछे धकेलने के लिए ‘कुछ भी’ करने को तैयार है.

उन्होंने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ”कांग्रेस बार-बार देश में संकट फैलाने की कोशिश करती रही है, कभी चुनाव से पहले तो कभी चुनाव के बाद. कांग्रेस देश को अराजकता में धकेलना चाहती है.” उन्होंने कांग्रेस से देश में ‘डर, भ्रम और अफवाह फैलाना बंद’ करने का आह्वान किया. पाकिस्तान उच्चायोग द्वारा विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कई अन्य कांग्रेस नेताओं को कथित तौर पर आम भेजे जाने के बारे में पूछे जाने पर ठाकुर ने कहा, ”कुछ लोगों को उत्तर प्रदेश के आम पसंद नहीं हैं, भले ही वे उत्तर प्रदेश से सांसद चुने गए हों. उन्हें पाकिस्तान के आम पसंद हैं… आम वहीं से आएंगे जहां से उन्हें प्यार है.”

उन्होंने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा, ”लेकिन जब वह दक्षिण भारत से (लोकसभा) चुनाव जीतकर आए तो उन्होंने उत्तर प्रदेश के लोगों में भी खामियां निकालीं. वह अब भी उत्तर प्रदेश के आमों की मिठास नहीं देख सकते. उन्हें पाकिस्तान के आम पसंद हैं.” भाजपा सांसद संबित पात्रा ने संसद के बाहर संवाददाताओं से कहा, ”यह एक गंभीर मुद्दा है. जब हम पड़ोसी देशों में ऐसे हालत देख रहे है, मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस चाहती है कि भारत में भी ऐसी ही स्थिति हो.” भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने भी खुर्शीद की निंदा करते हुए उनकी टिप्पणी को ‘अराजकतावादी’ करार दिया.

रूडी ने कहा,” वह कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य भी हैं. यह अराजकतावादी बयान है और मुझे लगता है कि यह एक प्रकार का राजद्रोह है. कांग्रेस अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए इस प्रकार की अराजकतावादी बयानबाजी का सहारा ले रही है और यह दुर्भाग्यपूर्ण है.” खुर्शीद के बयान पर पात्रा ने पूछा कि क्या यह कांग्रेस की तरफ से चेतावनी है.

पात्रा ने कहा, ” सलमान खुर्शीद ने कांग्रेस की तरफ से यह चेतावनी दी है. पुस्तक विमोचन समारोह में शशि थरूर सहित अन्य नेता भी मौजूद थे और एक तरह से उन्होंने जो कहा , यह उसका समर्थन है.” पात्रा ने प्रश्न किया,”कांग्रेस पार्टी की सोच क्या है? राहुल गांधी कहते थे कि इस देश में आगजनी होगी, दंगे होंगे, प्रधानमंत्री पर हमले होंगे, वह ऐसा क्यों कह रहे थे.” उन्होंने विदेश यात्राओं के दौरान गांधी की ‘भारत विरोधी’ टिप्पणियों पर भी सवाल उठाया.

पात्रा ने कहा,” क्या देश की मुख्य विपक्षी पार्टी भारत में भी यही चाहती है? वे चुनाव नहीं जीत पा रहे हैं इसलिए वे इस तरह की अराजकता को बढ़ावा देकर अपनी हताशा निकाल रहे हैं और देश को विनाश की ओर धकेल रहे हैं. कांग्रेस की यह साजिश जनता के सामने उजागर हो चुकी है.” खुर्शीद के बयान के संबंध में कांग्रेस नेता शशि थरूर से प्रश्न किया गया. इस पर उन्होंने कहा,” आपको उनसे ही पूछना होगा कि वास्तव में उनके कहने का मतलब क्या था. दूसरे के बयान पर टिप्पणी करने का काम मेरा नहीं है.”

उन्होंने कहा, ” वैसे सामान्य तौर पर कहूं तो बांग्लादेश ने जो बड़ा संदेश दिया है वह लोकतंत्र के महत्व के संबंध में, स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के संबंध में, पारर्दिशता, लोगों को तंत्र में शामिल करने और यह सुनिश्चित करने के संबंध में है कि लोकतंत्र की सभी संस्थाएं निष्पक्ष रूप से काम करें.” उन्होंने कहा, ”जब ऐसा होगा तो इस तरह की घटनाएं होने की संभावना बहुत कम होंगी.”

बांग्लादेश में जो हो रहा है वह यहां भी हो सकता है : सलमान खुर्शीद

कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने मंगलवार को कहा कि ”ऊपरी तौर पर भले ही सब कुछ सामान्य लगे”, लेकिन बांग्लादेश में जो हो रहा है, वह भारत में भी हो सकता है. पूर्व केंद्रीय मंत्री खुर्शीद ने शिक्षाविद् मुजीबुर रहमान की पुस्तक ‘शिकवा-ए-हिंद : भारतीय मुसलमानों का राजनीतिक भविष्य’ के विमोचन के अवसर पर यह बात कही.

उन्होंने कहा, ”कश्मीर में सब कुछ सामान्य लग सकता है. यहां सब कुछ सामान्य लग सकता है. हम जीत का जश्न मना रहे हैं. हालांकि, कुछ लोगों का मानना है कि वह जीत या 2024 की सफलता मामूली थी, शायद अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है.” पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, ”तथ्य यह है कि अंदर ही अंदर कुछ चल रहा है.”

उन्होंने कहा,” बांग्लादेश में जो हो रहा है, वह यहां भी हो सकता है… बांग्लादेश में चीजों को लेकर जिस तरह से जनआक्रोश भड़का, हमारे देश की प्रकृति चीजों पर उस तरह से गुस्सा फूंटने से रोकती है.” राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सांसद मनोज झा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया. उन्होंने नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के खिलाफ शाहीन बाग में हुए आंदोलन का जिक्र किया.

झा ने कहा, ”याद है शाहीन बाग में विरोध-प्रदर्शन कैसे शुरू हुए… जब संसद में कुछ नहीं हुआ, तो लोग सड़कों पर उतर आए.” नागरिकता से जुड़े नए कानून के खिलाफ दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के शाहीन बाग में महिलाओं ने विरोध-प्रदर्शन किया था, जो करीब 100 दिनों तक जारी रहा था. इस आंदोलन की तर्ज पर देशभर में और भी जगह प्रदर्शन हुए. झा का मानना था कि शाहीन बाग आंदोलन सफल रहा. वहीं, खुर्शीद का कहना था कि आंदोलन विफल रहा, क्योंकि विरोध-प्रदर्शन का हिस्सा रहे कई लोग अब भी जेल में हैं.
खुर्शीद ने कहा कि आज देश में शाहीन बाग जैसा कोई दूसरा आंदोलन नहीं हो सकता.

उन्होंने कहा, ”अगर मैं कहूं कि शाहीन बाग सफल नहीं रहा, तो आपको बुरा लगेगा. हममें से बहुत से लोग मानते हैं कि शाहीन बाग सफल रहा. लेकिन मैं जानता हूं कि शाहीन बाग से जुड़े लोगों के साथ क्या हो रहा है. उनमें से कितने लोग अब भी जेल में हैं. उनमें से कितने लोगों को जमानत नहीं मिल पा रही है, उनमें से कितनों को बताया जा रहा है कि वे इस देश के दुश्मन हैं.” खुर्शीद ने कहा, ”अगर मैं कल खुद से पूछूं कि क्या शाहीन बाग दोबारा हो सकता है, तो मुझे यकीन नहीं है कि ऐसा होगा, क्योंकि लोगों को वाकई बहुत तकलीफ उठानी पड़ी है.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button