
नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव राम माधव और केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी को प्रभारी नियुक्त किया है. पार्टी की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने माधव और रेड्डी को जम्मू-कश्मीर के चुनाव प्रभारी के रूप में नियुक्त किया है. इसमें कहा गया है कि यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी.
माधव ने 2014-20 के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव के रूप में कार्य किया था. उन्हें जम्मू-कश्मीर, असम और भारत के अन्य पूर्वोत्तर राज्यों के राजनीतिक मामलों प्रभारी बनाया गया था. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भाजपा में आए राम माधव की जम्मू-कश्मीर में भी अहम भूमिका रही है. भाजपा और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की गठबंधन सरकार बनाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती है. इस गठबंधन सरकार में मुफ्ती मोहम्मद सईद मुख्यमंत्री बने थे और भाजपा को उपमुख्यमंत्री का पद मिला था.
देश में 2019 में हुये आम चुनाव में भाजपा की जीत के बाद नड्डा को जब अध्यक्ष बनाया गया था, तब उन्होंने राष्ट्रीय पदाधिकारियों की टीम में माधव को शामिल नहीं किया था. वर्तमान में माधव इंडिया फाउंडेशन नामक थिंक टैंक के अध्यक्ष हैं. जम्मू-कश्मीर विधानसभा के लिए तीन चरण में चुनाव होंगे. 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए 18 सितंबर, 25 सितंबर और एक अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे जबकि नतीजे चार अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे.
इस पूर्ववर्ती राज्य में अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों को निरस्त किए जाने के बाद लगभग एक दशक बाद पहली बार विधानसभा चुनाव हो रहे हैं. जम्मू-कश्मीर में पहले चरण में 24 सीटों पर जबकि दूसरे और तीसरे चरण में क्रमश? 26 और 40 सीटों पर मतदान होगा. जम्मू-कश्मीर में पिछला विधानसभा चुनाव 2014 के नवंबर-दिसंबर में पांच चरणों में हुआ था. तब यह एक राज्य था और लद्दाख इसका हिस्सा था.



