दिल्ली में बुजुर्गों की पेंशन बहाल की गई: आतिशी

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 23 Aug 2024 11:22 AM
दिल्ली में बुजुर्गों की पेंशन बहाल की गई: आतिशी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: दिल्ली की वित्त मंत्री आतिशी ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली में बुजुर्गों को अब पेंशन मिलनी शुरू हो गई है और उन्होंने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर पिछले पांच महीने से इसे रोकने का आरोप लगाया।

आतिशी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दिल्ली के बुजुर्गों के लिए खुशखबरी! पिछले पांच महीने से केंद्र की भाजपा सरकार ने दिल्ली के एक लाख बुजुर्गों की वृद्धावस्था पेंशन रोकी हुई थी। बुजुर्ग बहुत परेशान थे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि काफी संघर्ष के बाद केजरीवाल सरकार ने बुजुर्गों की रुकी हुई पेंशन शुरू कर दी है। पिछले पांच महीने की पेंशन बुजुर्गों के बैंक खातों में जमा हो रही है।’’ यह पेंशन 60 वर्ष से अधिक आयु के उन बुजुर्गों के लिए है जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय एक लाख रुपये से कम है।

इस योजना के तहत 60 से 69 वर्ष की आयु के लाभार्थियों को दो हजार रुपये प्रति माह दिए जाते जाते हैं, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यक समुदाय के लाभार्थियों को 500 रुपये प्रति माह अतिरिक्त दिए जाते हैं। योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को ढाई हजार रुपये प्रति माह मिलते हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav