आगामी खरीफ सीजन में धान खरीदी की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए : मंत्री दयाल दास बघेल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 09 Sep 2024 07:06 PM
आगामी खरीफ सीजन में धान खरीदी की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए : मंत्री दयाल दास बघेल
ऑडियो सुनें

रायपुर. आगामी खरीफ सीजन में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए राज्य सरकार द्वारा तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं. खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने खाद्य विभाग के अधिकारियों को धान खरीदी के लिए सभी आवश्यक इंतजाम करने के लिए तैयारी शुरू करने कहा है. उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए बारदाने की व्यवस्था, धान खरीदी में इंटरनेट कनेक्शन, कम्प्यूटर और नापतौल उपकरणों को दूरूस्त करने के निर्देश दिए हैं. वे आज यहां नवा रायपुर स्थित खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर काम-काज की समीक्षा कर रहे थे.

खाद्य मंत्री बघेल ने बैठक में कहा कि समर्थन मूल्य में धान खरीदी के दौरान किसानों से इस बात की शिकायत नहीं आनी चाहिए कि उनसे अधिक धान लिया जा रहा है. इसलिए धान खरीदी केन्द्रों के नापतौल के उपकरणों को दूरूस्त कर लिया जाए. उन्होंने राशनकार्ड के वितरण में आ रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों पर नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि जिन राशनकार्डों का नवीनीकरण नहीं हुआ है. उन राशनकार्डों को विधिवत सत्यापन की कार्यवाही जल्द पूरी कर ली जाए.

खाद्य मंत्री बघेल ने नापतौल के अधिकारियों से कहा कि प्रदेश के सभी राशन दुकानों का सतत् रूप से निरीक्षण करें और राशन दुकानों में कम खाद्यान्न देने अथवा नापतौल संबंधित शिकायतों का जांच कर तत्काल निराकरण करें. उन्होंने वेयरहाउस कार्पोरेशन के कार्यों की समीक्षा में कहा कि खाद्यान्न गोदामों से जो भंडारण होता है उसकी गुणवत्ता एवं वजन की जिम्मेदारी वेयरहाउस कार्पोरेशन के अधिकारियों की है. भंडारण सामग्री की गुणवत्ता एवं वजन में कमी अथवा किसी भी प्रकार की लापरवाही होती है तो संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे. उन्होंने नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधकों को समयबद्ध भंडारण के लिए निर्देशित किया.

बैठक में खाद्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी सहित वेयरहाऊस कार्पोरेशन, नापतौल शाखा, नागरिक आपूर्ति निगम, खाद्य शाखा एवं जिला विपणन के अधिकारी उपस्थित थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu