नयी दिल्ली/रांची. तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के नेता और केंद्रीय मंत्री किंजरापू राममोहन नायडू ने कहा कि ”भारत में हुनरमंद लोगों को दरकिनार” किए जाने संबंधी कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अमेरिका में की गई टिप्पणी का उद्देश्य देश को वैश्विक मंच पर ”नीचा दिखाना” था.
नायडू ने संवाददाताओं से कहा, ”मुझे नहीं पता कि उन्हें ये आंकड़े कहां से मिलते हैं. देश में पर्याप्त अवसर उपलब्ध हैं. हमें उन्हें उचित कौशल के जरिए जोड़ने की जरूरत है.” भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सहयोगी तेदेपा के नेता ने कहा कि कौशल विकास एक सतत प्रक्रिया है. उन्होंने कहा, ”पिछले 10 साल में प्रधानमंत्री (नरेन्द्र) मोदी जी के नेतृत्व में हमने देश में रोजगार के अवसरों की संख्या में सुधार किया है.” लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने डलास स्थित टेक्सास विश्वविद्यालय में रविवार को छात्रों से कहा कि भारत में कौशल की कोई कमी नहीं है लेकिन वहां हुनरमंद लोगों के लिए सम्मान नहीं है.
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कांग्रेस के आधिकारिक अकाउंट पर राहुल गांधी के हवाले से लिखा गया, ”क्या आपने एकलव्य की कहानी सुनी है? भारत में जो कुछ हो रहा है, अगर आप इसे समझना चाहते हैं तो यहां लाखों, करोड़ों एकलव्य की कहानियां आए दिन सामने आ रही हैं. हुनरमंद लोगों को दरकिनार किया जा रहा है, उन्हें काम करने या आगे बढ़ने नहीं दिया जा रहा है और यह हर जगह हो रहा है.” गांधी अमेरिका की चार दिवसीय यात्रा पर हैं. इस दौरान वह डलास, टेक्सास और वाशिंगटन की यात्रा करेंगे और भारतीय मूल के लोगों एवं युवाओं से बातचीत करेंगे. सोमवार से शुरू हुई वाशिंगटन की अपनी यात्रा के दौरान उनकी अमेरिका के सांसदों और वहां की सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलने की भी योजना है.
गांधी ने भारत में उत्पादन पर ध्यान केंद्रित किए जाने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा है कि वैश्विक उत्पादन में चीन का प्रभुत्व है इसलिए वह बेरोजगारी का सामना नहीं कर रहा जबकि भारत और अमेरिका समेत पश्चिमी देश बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहे हैं.
उन्होंने कहा कि पश्चिम और भारत ने ”उत्पादन के विचार को त्याग दिया है” और उन्होंने इसे चीन को सौंप दिया है.
नायडू ने गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, ”वह दूसरे देशों में जाकर ऐसा क्यों कह रहे हैं कि भारत ऐसा करने में सक्षम नहीं है? उन्हें यहां की स्थिति सुधारने की कोशिश करनी चाहिए और अधिक लोगों को कुशल बनने के लिए प्रेरित करना चाहिए. वह देश को वैश्विक मंच पर नीचा दिखाने की कोशिश कर रहे हैं.” गांधी शनिवार रात को डलास पहुंचे और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा एवं ‘इंडियन नेशनल ओवरसीज कांग्रेस, यूएसए’ के अध्यक्ष मोहिंदर गिलजियान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के सदस्यों ने उनका स्वागत किया.
गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि व्यावसायिक प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षा प्रणाली को उद्यम प्रणाली से जोड़ने की आवश्यकता है.
उन्होंने कहा, ”इस अंतर को पाटना या इन दो प्रणालियों, कौशल और शिक्षा को व्यावसायिक प्रशिक्षण के माध्यम से जोड़ना महत्वपूर्ण है. मुझे लगता है कि वर्तमान में शिक्षा प्रणाली के साथ सबसे बड़ी समस्या इस पर वैचारिक कब्जा है, जहां विचारधारा को इसके माध्यम से पोषित किया जा रहा है….” गांधी ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि अगर भारत उत्पादन की दिशा में आगे बढ़े और कौशल का सम्मान करना शुरू कर दे तो वह चीन का मुकाबला कर सकता है.
राहुल गांधी चीन को बढ़ावा दे रहे, पर भारत को कमतर दिखाते हैं: हिमंत विश्व शर्मा
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर चीन को बढ़ावा देने और भारत को कमतर दिखाने का आरोप लगाया. शर्मा ने यहां बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा, ”राहुल गांधी अलग-अलग तरीकों से चीन को बढ़ावा देते हैं. भारत को कमजोर दिखाते हुए वह चीन को सर्वश्रेष्ठ देश के रूप में पेश करने की कोशिश करते हैं. लेकिन, चीन में न तो लोकतंत्र है और न ही लोगों के लिए धार्मिक स्वतंत्रता है. लेकिन गांधी इस बारे में बात नहीं करते.” झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनाव सह-प्रभारी शर्मा दो दिवसीय यात्रा पर यहां पहुंचे.
गांधी ने रविवार को डलास में टेक्सास विश्वविद्यालय में छात्रों के साथ बातचीत के दौरान विनिर्माण पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता को रेखांकित करते हुए कहा कि वैश्विक उत्पादन में चीन का प्रभुत्व है इसलिए वह बेरोजगारी का सामना नहीं कर रहा है, जबकि भारत और अमेरिका समेत पश्चिमी देश बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहे हैं. पूर्व कांग्रेस प्रमुख ने यह भी कहा कि भारत में कौशल की कोई कमी नहीं है और अगर देश उत्पादन के लिए खुद को तैयार करना शुरू कर दे तो वह चीन के साथ प्रतिस्पर्धा कर सकता है.
शर्मा की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पार्टी की झारखंड इकाई के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा, ”हर कोई जानता है कि चीन को कौन बढ़ावा देता है. शर्मा को इस तरह के बयान देकर देश के लोगों को गुमराह नहीं करना चाहिए. उन्हें पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए.”
राहुल ने अमेरिका में भारत के खिलाफ अपनी टिप्पणी से एक बार फिर अपरिपक्वता दिखाई: रीजीजू
केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने अमेरिका में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर सोमवार को उनकी आलोचना की और कहा कि उन्होंने भारत के खिलाफ बात करके और विदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को गाली देकर एक बार फिर अपनी ‘अपरिपक्वता’ दिखाई है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अमेरिका की चार दिवसीय यात्रा पर हैं. उन्होने भारतीय-अमेरिकी समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय राजनीति में प्रेम, सम्मान और विनम्रता गायब हैं. उन्होंने भारत को ‘एक विचार’ बताने के लिए भी आरएसएस की आलोचना की.
टेक्सास विश्वविद्यालय में छात्रों से बातचीत के दौरान कांग्रेस नेता ने यह भी दावा किया कि भाजपा और आरएसएस का मानना है कि महिलाओं को एक खास भूमिका तक सीमित रखना चाहिए- उन्हें ‘घर पर रहना चाहिए, खाना पकाना चाहिए’ और ”बहुत ज्यादा बात नहीं करनी चाहिए’. उन्होंने भारत में विनिर्माण पर ध्यान देने की जरूरत को रेखांकित करते हुए कहा कि भारत, अमेरिका और पश्चिम के अन्य देश बेरोजगारी की समस्या का सामना कर रहे हैं जबकि चीन के साथ ऐसा नहीं है.
कांग्रेस नेता की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर रीजीजू ने कहा, “राहुल गांधी ने जो कुछ भी कहा है, उस पर टिप्पणी करने में मेरी दिलचस्पी नहीं है. उन्होंने विदेश जाने पर भारत, भाजपा और आरएसएस के खिलाफ बोलने की आदत विकसित कर ली है. वह ऐसा करने से कभी परहेज नहीं करते हैं. ऐसा करके उन्होंने हमेशा की तरह एक बार फिर अपनी अपरिपक्वता दिखाई है.” रीजीजू ने आरोप लगाया कि राहुल और उनका पारिस्थितिकी तंत्र भारत के खिलाफ बात करना चाहता है तथा भाजपा, आरएसएस तथा सभी राष्ट्रवादी संगठनों को गाली देना चाहता है.
उन्होंने कहा, “वे उच्चतम न्यायालय और भारत के निर्वाचन आयोग को गाली देना चाहते हैं. उन्होंने देश की न्यायिक प्रणाली, हमारी प्रथाओं, विदेशों में जाने वाले लोकतांत्रिक मानदंडों के खिलाफ बात की है.” भाजपा नेता ने कहा, “उन्हें अमेरिका, ब्रिटेन और अन्य जगहों पर कौन आमंत्रित करता है, आप इसे जानते हैं. इसलिए उनका मकसद बहुत स्पष्ट है.” कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अमेरिका में राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर उनका समर्थन किया और टिप्पणियों की आलोचना के लिए भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कभी भी भारत का अपमान नहीं किया है और कभी ऐसा नहीं करेंगे. खरगे ने कहा कि भाजपा को ऐसे मुद्दे उठाने के लिए बहाना चाहिए.