प्रधानमंत्री मोदी ने पैरालंपिक पदक विजेताओं से मुलाकात की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 12 Sep 2024 10:13 PM
प्रधानमंत्री मोदी ने पैरालंपिक पदक विजेताओं से मुलाकात की

**EDS: SCREENSHOT VIA @narendramodi** New Delhi: Prime Minister Narendra Modi meets javelin thrower Navdeep Singh, who won silver medal at Paris Paralympics 2024, in New Delhi, Thursday, Sept. 12, 2024. (PTI Photo) (PTI09_12_2024_000222B)

ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को यहां अपने आवास पर भारत के पैरालंपियन खिलाड़ियों से मुलाकात की और उन्हें हाल ही में संपन्न पेरिस खेलों में रिकॉर्ड 29 पदक जीतने के लिए बधाई दी. खेल मंत्रालय द्वारा साझा किए गए 43 सेकेंड के वीडियो में प्रधानमंत्री को पैरालंपियन पदक विजेताओं को बधाई देते और उनसे बात करते हुए देखा जा सकता है.

इस बातचीत के दौरान खेल मंत्री मनसुख मांडविया और भारतीय पैरालंपिक समिति (पीसीआई) के प्रमुख देवेंद्र झाझडिया भी मौजूद थे.
महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल (एसएच1) स्पर्धा में लगातार दूसरा पैरालंपिक स्वर्ण जीतने वाली निशानेबाज अवनि लेखरा और पैरालंपिक पदक जीते वाले भारत के पहले जूडो खिलाड़ी दृष्टिबाधित कपिल परमार उन लोगों में शामिल थे जिन्हें प्रधानमंत्री के साथ तस्वीर खिंचवाते देखा गया. परमार को प्रधानमंत्री मोदी से अपने पदक पर हस्ताक्षर करवाते देखा गया.

इस दौरान एक भावुक पल में प्रधानमंत्री मोदी भाला फेंक खिलाड़ी नवदीप सिंह से बातचीत के दौरान विनम्रतापूर्वक टोपी स्वीकार करने के लिए फर्श पर बैठ गए. बौनेपन के कारण एफ41 वर्ग में प्रतिस्पर्धा करने वाले नवदीप ने भी प्रधानमंत्री से अपने उस हाथ पर हस्ताक्षर करवाए जिसका इस्तेमाल वह भाला फेंकने के लिए करते हैं. पेरिस में राकेश कुमार के साथ मिलकर मिश्रित टीम कंपाउंड वर्ग कांस्य पदक जीतने वाली बिना हाथ वाली तीरंदाज शीतल देवी ने मोदी को हस्ताक्षर वाली जर्सी भेंट की. उन्होंने अपने पैर से जर्सी पर हस्ताक्षर किए.

खिलाड़ियों ने प्रधानमंत्री का आभार जताया और उनकी सराहना की. चक्का फेंक एफ56 वर्ग के रजत पदक विजेता योगेश कथुनिया ने कहा, ”सभी के लिए पीएम का मतलब प्रधानमंत्री है लेकिन हम सभी के लिए पीएम का मतलब परम मित्र है.” भारत ने पैरालंपिक खेलों में 29 पदक जीतकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया जिसमें अभूतपूर्व सात स्वर्ण, नौ रजत और 13 कांस्य पदक शामिल हैं. पेरिस खेलों में भारत के 84 सदस्यीय दल ने हिस्सा लिया और तीन साल पहले तोक्यो खेलों में हासिल किए गए 19 पदकों के पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को पीछे छोड़ दिया.

इन खेलों के दौरान भारत ने पहली बार एथलेटिक्स की ट्रैक स्पर्धओं में पदक जीतने के अलावा तीरंदाजी में पहली बार स्वर्ण (हरविंदर सिंह के माध्यम से) पदक जीता. स्वदेश लौटने पर पैरालंपियन खिलाड़ियों को सरकार द्वारा सम्मानित किया गया है और खेल मंत्री मांडविया ने स्वर्ण पदक विजेताओं को 75 लाख रुपये, रजत पदक विजेताओं को 50 लाख रुपये और कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 30 लाख रुपये का पुरस्कार दिया. तीरंदाज शीतल जैसे मिश्रित टीम स्पर्धाओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 22.5 लाख रुपये की राशि मिली.

By Yogesh Kumar Sahu