तेल अवीव. हिजबुल्ला ने बुधवार तड़के तेल अवीव समेत इजराइल के कई स्थानों पर मिसाइल से हमले किए. वहीं, इजराइल ने भी हिजबुल्ला के ठिकानों को निशाना बनाया. लेबनान स्थित आतंकवादी समूह हिजबुल्ला का तेल अवीव पर यह अब तक का सबसे बड़ा हमला था. इजराइल की सेना ने कहा है कि वह हिजबुल्ला आतंकवादी समूह के साथ बढ़ते तनाव के मद्देनजर अपने ‘रिजर्व’ सैनिकों को सक्रिय कर रही है. सेना ने कहा कि उसने सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल को रोक दिया.
लेबनान पर इजराइली हमलों में सैकड़ों लोगों की मौत के बाद हिजबुल्ला के मिसाइल दागने के बीच क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है.
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्री फिरास आबियाद ने कहा कि बुधवार को इजराइली हमलों में 51 लोगों की मौत हो गई और 223 अन्य घायल हो गए. सोमवार और मंगलवार को इजराइल के हमलों में लेबनान में कम से कम 560 लोग मारे गए और हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा. कई परिवार बेरूत और तटीय शहर सिडोन चले गए हैं. कुछ लोग देश छोड़ने की कोशिश कर रहे थे, जिससे सीरिया की सीमा पर यातायात जाम हो गया.
हिजबुल्ला के मिसाइल हमले के बाद तेल अवीव और पूरे मध्य इजराइल में हवाई हमले के सायरन बजने लगे. किसी के हताहत होने या नुकसान की कोई खबर नहीं है. सेना ने कहा कि उसने दक्षिणी लेबनान में उस जगह पर हमला किया जहां से मिसाइल दागी गई थी.
संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि लेबनान पर पांच दिनों तक इजराइली हमलों के कारण 90,000 से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं. मानवीय मामलों के समन्वय के लिए संयुक्त राष्ट्र कार्यालय ने बुधवार को कहा कि लगभग एक साल पहले हिजबुल्ला द्वारा उत्तरी इजराइल में रॉकेट दागना शुरू करने के बाद से लेबनान में कुल 2,00,00 लोग विस्थापित हुए हैं. हिजबुल्ला के मिसाइल दागने के कारण इजराइल ने जवाबी कार्रवाई की है.
हिजबुल्ला ने कहा कि उसने इजराइल की खुफिया एजेंसी मोसाद के मुख्यालय को निशाना बनाकर कादर-एक बैलिस्टिक मिसाइल दागी. हिजबुल्ला अपने शीर्ष कमांडरों की हाल की लक्षित हत्याओं के लिए मोसाद को जिम्मेदार मानता है. पिछले सप्ताह पेजर और वॉकी-टॉकी समेत अन्य उपकरणों में धमाकों के कारण दर्जनों लोग मारे गए और हजारों लोग घायल हो गए, जिनमें कई हिजबुल्ला सदस्य भी शामिल थे.
इजराइली सेना ने कहा कि यह पहली बार था जब लेबनान से दागी गई कोई मिसाइल मध्य इजराइल तक पहुंची थी. हिजबुल्ला ने पिछले महीने हवाई हमले में तेल अवीव के पास एक खुफिया अड्डे को निशाना बनाने का दावा किया था, लेकिन इसकी कोई पुष्टि नहीं हुई. गाजा में फलस्तीनी हमास आतंकवादी समूह ने युद्ध के शुरुआती महीनों में बार-बार तेल अवीव को निशाना बनाया. इजराइल की सेना ने कहा कि वह उत्तरी क्षेत्र में जारी मिशन के लिए दो रिजर्व ब्रिगेड बुला रही है. सेना ने कहा कि इससे आतंकी संगठन हिजबुल्ला के खिलाफ लड़ाई जारी रखने में मदद मिलेगी. संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद फ्रांस के अनुरोध पर बुधवार को लेबनान पर एक आपातकालीन बैठक आयोजित करेगी.
सेना लेबनान में संभावित जमीनी अभियान की तैयारी कर रही : इजराइली सेना प्रमुख
इजराइली सेना प्रमुख ने बुधवार को कहा कि बल लेबनान में संभावित जमीनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है. देश की उत्तरी सीमा पर सैनिकों को संबोधित करते हुए थल सेनाध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल हेर्जी हालेवी ने कहा कि हालिया हवाई हमला लेबनान में दाखिल होने के लिए जमीन तैयार करने और हिज्बुल्ला को नेस्तानाबूत करने के लक्ष्य को सामने रख कर किया गया. उन्होंने कहा कि उत्तरी इजराइल के विस्थापित नागरिकों को उनके घरों में वापस भेजने के लक्ष्य को