मूसेवाला के परिवार ने केंद्र को पत्र लिखा, केंद्रीय एजेंसी से जांच की मांग की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 02 Jun 2022 09:44 PM
मूसेवाला के परिवार ने केंद्र को पत्र लिखा, केंद्रीय एजेंसी से जांच की मांग की
ऑडियो सुनें

मानसा/चंडीगढ़.  केंद्रीय मंत्री गजेंद्र ंिसह शेखावत ने बृहस्पतिवार को कहा कि पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के परिवार ने उनकी (मूसेवाला की) हत्या के मामले की जांच केंद्रीय एजेंसियों से कराने की मांग को लेकर केंद्र सरकार को पत्र लिखा है. गायक की मौत पर शोक व्यक्त करने के लिए शेखावत बृहस्पतिवार को मूसेवाला के घर पहुंचे. इस दौरान भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अश्विनी शर्मा और पार्टी नेता सुनील जाखड़ समेत कई अन्य नेता भी उनके साथ रहे.

बाद में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मूसेवाला के परिवार ने इस हत्याकांड की जांच केंद्रीय एजेंसी को सौंपे जाने की मांग की है. उन्होंने कहा कि परिवार ने इस बाबत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है. पंजाब के मानसा जिले में 29 मई को कुछ अज्ञात हमलावरों ने मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी थी. एक दिन पहले ही पंजाब सरकार ने मूसेवाला की सुरक्षा कम की थी.

शेखावत ने 400 से अधिक लोगों की सुरक्षा वापस लेने और फिर उनका नाम सार्वजनिक करने को लेकर आम आदमी पार्टी नीत राज्य सरकार पर हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा राजनीतिक लाभ लेने के लिए किया गया और ऐसा करके राज्य सरकार ने अपराधियों को पीड़ितों को निशाना बनाने का निमंत्रण दिया. वहीं, पंजाब सरकार में मंत्री हरपाल ंिसह चीमा और कुलदीप ंिसह धालीवाल ने भी बृहस्पतिवार को मूसेवाला के परिवार से मुलाकात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.

मूसेवाला की हत्या के बाद पहली बार आप सरकार के मंत्री गायक के परिवार से मिलने मानसा पहुंचे. राज्य के वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कहा, ” आज, मैंने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के परिवार से मुलाकात की. मैंने मूसेवाला के पिता को भरोसा दिलाया कि हम सच को सामने लाएंगे और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा. हम दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़े हैं.”

मूसेवाला के शरीर पर थे गोलियों के 19 निशान : पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट
अज्ञात हमलावरों के हमले में मारे गए पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के शरीर पर गोलियों के 19 निशान मिले थे और घायल होने के 15 मिनट के भीतर ही उनकी मौत हो गई थी. यह खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हुआ है. उल्लेखनीय है कि रविवार को पंजाब के मनसा में मूसेवाला की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. एक दिन पहले ही राज्य सरकार ने उनकी सुरक्षा हटाई थी.

हमलावरों ने 28 वर्षीय मूसेवाला का वाहन जवाहर के गांव में रोकने के बाद गोलियों की बौछार की थी. इस हमले में कम से कम तीन बंदूकों का इस्तेमाल किया गया और घटनास्थल पर गोलियों के 30 खाली खोखें मिले. पांच डॉक्टरों के पैनल से मूसेवाला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक गोलियों से घायल होने के ‘‘15 मिनट के भीतर’’ही उनकी मौत हो गई थी.

रिपोर्ट में कहा गया कि मौत की वजह हथियार की वजह से घायल होने के बाद रक्तस्राव है और ये चोटें सामान्य तौर पर मृत्यु के लिए पर्याप्त होती हैं. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक मूसेवाला के शरीर के दाहिने हिस्से में अधिकतर गोलियां मिली हैं. मूसेवाला के शव का एक्स रे भी कराया गया ताकि पता लगाया जा सके कि गोली कितनी दूरी से मारी गई. रिपोर्ट में कहा गया कि मूसेवाला का लाल रंग का टी शर्ट और पैजामा खून से सना था और उनमें गोलियों की वजह से कई छेद बने थे.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu