निदा डार को आउट करने के बाद आक्रामक जश्न मनाने पर अरुंधति को लगी फटकार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 07 Oct 2024 08:49 PM
निदा डार को आउट करने के बाद आक्रामक जश्न मनाने पर अरुंधति को लगी फटकार
ऑडियो सुनें

दुबई. भारत की तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी को यहां महिला टी20 विश्व कप मैच के दौरान पाकिस्तान की निदा डार को आउट करने के बाद आक्रामक भाव भंगिमा दिखाने पर सोमवार को फटकार लगाई गई. अरुंधति ने रविवार को पाकिस्तान पर भारत की छह विकेट की जीत में तीन विकेट लिये थे. पाकिस्तान की पारी के 20वें ओवर में डार को आउट करने के बाद वह भावनाओं पर काबू नहीं रख सकी और उन्होंने पवेलियन की ओर जाने का इशारा किया.

आईसीसी से जारी बयान के मुताबिक, ” (अरुंधति) रेड्डी को खिलाड़ियों और सहयोगी सदस्यों के लिए आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है. यह किसी अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान ‘ऐसी भाषा, कार्यों या इशारों’ का उपयोग करने से संबंधित है जो अपमानजनक हैं और आउट होने वाले बल्लेबाज की आक्रामक प्रतिक्रिया को भड़का सकते हैं.” विज्ञप्ति में कहा गया, ”इसके अलावा, रेड्डी के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमैरिट अंक जोड़ा गया है. यह 24 महीने की अवधि में उनका पहला अपराध है.” अरुंधति ने अपराध और सजा स्वीकार कर ली.

उन पर यह आरोप मैदानी अंपायर एलोइस शेरिडन और लॉरेन एजेनबैग के साथ तीसरे अंपायर जैकलीन विलियम्स और चौथे अंपायर क्लेयर पोलोसाक ने लगाया था. लेवल एक के उल्लंघनों में न्यूनतम जुर्माना आधिकारिक फटकार, अधिकतम जुर्माना खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत रकम और एक या दो डिमैरिट अंक शामिल हैं. जब कोई खिलाड़ी 24 महीने की अवधि के भीतर चार या अधिक डिमैरिट अंकों तक पहुंचता है, तो वह स्वत: निलंबन अंक में बदल जाता है और खिलाड़ी पर प्रतिबंध लगा दिया जाता है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu