महमूदुल्लाह ने टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास की घोषणा की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 08 Oct 2024 08:08 PM
महमूदुल्लाह ने टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास की घोषणा की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. बांग्लादेश के अनुभवी हरफनमौला महमूदुल्लाह ने मंगलवार को टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास की घोषणा की और कहा कि भारत के खिलाफ मौजूदा श्रृंखला का तीसरा और अंतिम मुकाबला इस प्रारूप में उनका आखिरी मैच होगा. उन्होंने कहा, ”यह इस प्रारूप से आगे बढ़ने का उनके और टीम के लिये सही समय है.” भारत और बांग्लादेश के बीच तीन मैचों की श्रृंखला का आखिरी मैच शनिवार को हैदराबाद में खेला जाएगा.

महमूदुल्लाह ने भारत के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की पूर्व संध्या पर यहां कहा, ”हां, मैं इस श्रृंखला के आखिरी मैच के बाद टी20 से संन्यास ले रहा हूं. यह पहले से तय था.” इस 38 साल के खिलाड़ी ने 2007 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने के बाद बांग्लादेश के लिए 50 टेस्ट, 232 एकदिवसीय और 139 टी20 अंतरराष्ट्रीय खेले हैं. उन्होंने टी20 क्रिकेट में 2395 रन बनाये और 40 विकेट लिये हैं . बांग्लादेश के इस पूर्व टी20 कप्तान ने 2021 में अपने टेस्ट करियर को अलविदा कहा था.

उन्होंने कहा ,” यहां आने से पहले मैने अपने परिवार, कोच , कप्तान और चयनकर्ताओं से बात की थी . मैने बोर्ड अध्यक्ष को भी बता दिया था .” महमूदुल्लाह ने कहा ,” मुझे लगता है कि इस प्रारूप से विदा लेकर एक दिवसीय क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित करने का यह सही समय है . अगले विश्व कप को देखते हुए यह मेरे लिये और टीम के लिये भी सही समय है .” बांग्लादेश को अफगानिस्तान और वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे श्रृंखला खेलनी है . चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 में खेली जायेगी .

महमूदुल्लाह ने कहा ,” 2016 से पहले टी20 प्रारूप में मेरा औसत और स्ट्राइक रेट उतना अच्छा नहीं था लेकिन 2016 टी20 विश्व कप के लिये यहां आने से पहले हमने अभ्यास शिविर में भाग लिया और उसके बाद से मैने बल्लेबाजी के तरीके में बदलाव किया क्योंकि मुझे छठे सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करनी होती थी .” महमूदुल्लाह से पहले अनुभवी हरफनमौला शाकिब अल हसन भी कानपुर टेस्ट से पहले टी20 क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर चुके हैं . उन्होंने यह भी कहा कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला उनकी आखिरी होगी .

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu