केंद्र सरकार बताए कि कश्मीर में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए क्या कदम उठा रही है: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 03 Jun 2022 07:46 PM
केंद्र सरकार बताए कि कश्मीर में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए क्या कदम उठा रही है: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/मुंबई. कांग्रेस ने कश्मीर घाटी में लक्षित हत्या की घटनाओं को लेकर शुक्रवार को केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार किया और पूछा कि अब सरकार को ‘दुष्प्रचार’ की बजाय यह बताना चाहिए कि वह सामान्य स्थिति बहाल करने तथा हत्याओं को रोकने के लिए क्या कदम उठा रही है? पार्टी के नेता और सांसद विवेक तन्खा ने कहा कि शांति बहाली के लिए सरकार को संबंधित पक्षों से बात करनी चाहिए और जम्मू-कश्मीर की जनता तथा राजनीतिक दलों को विश्वास में लेना चाहिए.

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं एक कश्मीरी पंडित हूं. मुझे इस बात का दुख है कि कश्मीर के मुद्दे का समाधान करने में कुशल राजनीतिक नेतृत्व की कमी दिखती है. यह जटिल मुद्दा है. अगर आपका संवेदनशील चेहरा होता है, समावेशी चेहरा होता है तो चीजें नियंत्रण में आ जाती है.’’ तन्खा ने कहा, ‘‘मैंने पहले भी कहा था और आज भी कह रहा हूं कि कश्मीर का मुद्दा अनुच्छेद 370 या किसी कानून से बड़ा है.. अगर आप को कश्मीर के मुद्दे का निदान करना है और अगर आप शांति चाहते हैं तो आपको संबंधित पक्षों से बात करनी होगी. संबंधित पक्षों से बात किए बिना वहां शांति नहीं लाई जा सकती. सरकार की ओर से ऐसा कोई प्रयास होता नहीं दिख रहा.’’ उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार सिर्फ दुष्प्रचार कर रही है.

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘जम्मू-कश्मीर में छह-सात साल से राज्यपाल शासन है. आठ साल से केंद्र में भाजपा की सरकार है. अब आप (सरकार) यह आरोप नहीं मढ़ सकते कि 60 साल में क्या हुआ? आपसे देश पूछना चाहता है कि आपने कश्मीर के लिए क्या ठोस कदम उठाए, कश्मीर को लेकर आपका श्वेत पत्र कहां है?’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री जी हर छोटी बात पर ट्वीट करते हैं. काश, प्रधानमंत्री कश्मीर को लेकर भी ट्वीट करते.’’ तन्खा ने कहा, ‘‘हम केंद्र सरकार से अपील करते हैं कि आप सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए जरूरी कदम उठाइए और इस बारे में देश को बताइए. दूसरे दलों को विश्वास में लीजिए. पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना दिखाइए.’’ उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिया जाना चाहिए तथा दुष्प्रचार करने की बजाय ठोस कदम उठाना चाहिए.

उन्होंने जोर देकर कहा, ‘‘हत्याओं को रोकने के लिए जरूरी कदम 24 घंटे में उठाए जाने चाहिए.’’ यह पूछे जाने पर कि वह जिन संबंधित पक्षों से बातचीत करने की बात कर रहे हैं, क्या उनमें अलगाववादी भी शामिल हैं तो तन्खा ने कहा, ‘‘यह यहां चर्चा का विषय नहीं है. यह सरकार तय करेगी कि किससे बात करनी है.’’ गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बृहस्पतिवार को आतंकवादियों ने बैंक परिसर में एक बैंक कर्मचारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी.

कश्मीर घाटी में एक मई से लक्षित हत्या करने के आठ मामले आ चुके हैं. जम्मू क्षेत्र के सांबा जिले की रहने वाली एक शिक्षिका की आतंकवादियों ने कश्मीर के कुलगाम में मंगलवार को हत्या कर दी थी. वहीं, 18 मई को आतंकवादी उत्तरी कश्मीर के बारामूला में एक शराब की दुकान में दाखिल हुए और ग्रेनेड फेका जिससे जम्मू के रहने वाले एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए.

कश्मीर में हिंदुओं और प्रवासियों को सुरक्षा प्रदान करें: शिवसेना सांसद की अमित शाह से अपील

शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कश्मीर घाटी में हाल में लक्षित करके की गई हत्याओं के मद्देनजर शुक्रवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से हिंदुओं एवं प्रवासियों को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने की अपील की. शाह को लिखे एक पत्र में शिवसेना नेता ने इन हत्याओं की किसी सक्षम एजेंसी से जांच कराने, मारे गये लोगों के परिवारों को समुचित मुआवजा देने तथा पीड़ित के एकमात्र आजीविका कमाने वाले सदस्य रहने की स्थिति में उस परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की भी मांग की.

चतुर्वेदी ने यह आरोप भी लगाया कि केंद्र सरकार ने हाल की इन हत्याओं के संबंध में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया.
सांसद ने लिखा, ‘‘ कश्मीर की वर्तमान स्थिति के मद्देजनर मैं आपसे वहां हिंदू समुदाय को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने का अनुरोध करती हूं. स्थिति की गंभीरता पर गौर करते हुए मैं आपसे से हाल की इन हत्याओं की किसी सक्षम प्राधिकार से जांच कराने का आदेश देने का अनुरोध भी करती हूं. ’’

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu