गाजा में इजराइली हमले में एक ही परिवार के आठ सदस्यों की मौत, लेबनान में एक सदी पुराना बाजार ध्वस्त

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 13 Oct 2024 09:53 PM
गाजा में इजराइली हमले में एक ही परिवार के आठ सदस्यों की मौत, लेबनान में एक सदी पुराना बाजार ध्वस्त
ऑडियो सुनें

दीर अल-बला (गाजा पट्टी). मध्य गाजा पट्टी में इजराइल के हमले में एक ही परिवार के आठ सदस्यों की मौत हो गयी. फलस्तीन के चिकित्सा अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी. इस बीच, हिजबुल्ला को निशाना बनाकर किए गए इजराइल के हवाई हमलों में लेबनान में एक सदी पुराना बाजार नष्ट हो गया.

दीर अल-बला स्थित ‘अल-अक्सा शहीद अस्पताल’ ने बताया कि गाजा में शनिवार देर रात को नुसरत शरणार्थी शिविर में एक मकान पर हमला किया गया जिसमें माता-पिता और आठ से 23 साल की उम्र के उनके छह बच्चों की मौत हो गयी. शवों को इसी अस्पताल में लाया गया था. ‘एसोसिएटेड प्रेस’ के एक संवाददाता ने शवों की गिनती की है.

हमास के साथ युद्ध को एक साल से अधिक समय होने पर भी इजराइल के हमले जारी हैं और वह गाजा में लगभग हर दिन आतंकवादी ठिकानों को निशाना बना रहा है. इजराइली सेना का कहना है कि वह हमलों में आम नागरिकों को नुकसान पहुंचाने से बचने की कोशिश करती है तथा उनकी मौतों के लिए घनी आबादी वाले क्षेत्रों से काम करने वाले हमास एवं अन्य सशस्त्र समूहों को दोषी ठहराती है.
इजराइल अब गाजा में हमास और लेबनान में हिजबुल्ला के साथ युद्ध कर रहा है और इस महीने की शुरुआत में हुए मिसाइल हमले के प्रतिशोध में उसके ईरान पर हमला करने की आशंका है लेकिन उसने यह नहीं बताया है कि वह कैसे या कब हमला करेगा. ईरान इन दोनों चरमपंथी समूहों का समर्थन करता है और उसने कहा है कि वह इजराइली हमले का जवाब देगा.

उत्तरी गाजा में इजराइल के हवाई और जमीनी बल जबालिया पर हमले कर रहे हैं, जहां उसके अनुसार आतंकवादी पुन: संगठित हो गए हैं. इजराइल ने गाजा सिटी समेत उत्तरी गाजा को पूरी तरह खाली करने का आदेश दिया है. युद्ध के शुरूआती सप्ताहों में जारी इन आदेश के बाद अनुमानत? 4,00,000 लोग उत्तरी गाजा में रह गए हैं. फलस्तीनियों को डर है कि इजराइल उत्तरी गाजा में आबादी को स्थायी रूप से खत्म करके वहां सैन्य अड्डे बनाना या यहूदी बस्तियां बसाना चाहता है. संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि एक अक्टूबर से उत्तरी गाजा में कोई खाद्य सामग्री नहीं पहुंची है.

सेना ने शनिवार को पुष्टि की कि अस्पतालों को भी खाली करने का आदेश दिया गया है, लेकिन उसने इसके लिए कोई समयसीमा तय नहीं की है. हमास ने सात अक्टूबर 2023 को दक्षिणी इजराइल में हमला किया था जिसमें लगभग 1,200 लोग मारे गए थे और लगभग 250 लोगों का अपहरण किया गया था. गाजा में अब भी लगभग 100 बंधक हैं, जिनमें से एक तिहाई के मारे जाने का अनुमान है. हमास के हमले के बाद इजराइल ने जवाबी कार्रवाई की.

गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, गाजा में इजराइल की बमबारी और उसके जमीनी आक्रमण में 42,000 से अधिक फलस्तीनी मारे गए हैं और अधिकतर क्षेत्र बर्बाद हो गया है. इस बीच, इजराइल के हवाई हमलों में लेबनान में तुर्क काल का एक बाजार तबाह हो गया है.

इजराइली हवाई हमलों ने रात भर दक्षिण नेबातियेह शहर में तुर्क काल का एक बाजार ध्वस्त कर दिया जिसमें एक से कम एक व्यक्ति की मौत हो गयी और चार अन्य घायल हो गए. लेबनान के ‘सिविल डिफेंस’ ने कहा कि 1910 के बाजार में 12 रिहायशी इमारतों और 40 दुकानों पर लगी आग पर काबू पा लिया गया है. एक अन्य घटना में लेबनानी रेड क्रॉस ने बताया कि अर्द्ध चिकित्सक दक्षिणी लेबनान में रविवार को इजराइली हवाई हमले में ध्वस्त एक मकान के मलबे में दबे लोगों की तलाश कर रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu