प.बंगाल: ‘पूजा कार्निवल’ के लिए कोलकाता के रेड रोड से सटे इलाकों में निषेधाज्ञा लागू

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 15 Oct 2024 01:03 PM
प.बंगाल: ‘पूजा कार्निवल’ के लिए कोलकाता के रेड रोड से सटे इलाकों में निषेधाज्ञा लागू
ऑडियो सुनें

कोलकाता: आरजी कर अस्पताल की घटना को लेकर प्रदर्शन कर रहे कनिष्ठ चिकित्सकों द्वारा मध्य कोलकाता के रानी रश्मोनी एवेन्यू के निकट ‘द्रोह’ (विरोध) कार्निवल के आह्वान के बीच मंगलवार को सरकार द्वारा रेड रोड में ‘पूजा कार्निवल’ के आयोजन को लेकर इसके आस पास के इलाकों में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है और पांच से अधिक लोगों के जमावड़े पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

पश्चिम बंगाल सरकार 2016 से दुर्गा पूजा कार्निवल का आयोजन कर रही है, जिसमें कई पुरस्कार विजेता दुर्गा प्रतिमाओं का प्रदर्शन किया जाता है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत कुछ सड़कों और रेड रोड के पास के इलाकों में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है, जहां कार्निवल आयोजित होना है।

यह आदेश मेयो रोड, आउट्रम रोड, एकेडमी आॅफ फाइन आर्ट्स क्षेत्र, रानी रश्मोनी एवेन्यू, वाई चैनल और डोरीना क्रॉंिसग से प्रेस क्लब तक के क्षेत्र में लागू किया गया है। आदेश के अनुसार, ‘‘कानून-व्यवस्था के उल्लंघन तथा कार्निवल में व्यवधान की आशंका’’ के मद्देनजर पांच से अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर रोक लगाई गई है।

कनिष्ठ चिकित्सकों ने रानी रश्मोनी एवेन्यू पर ‘मानव श्रृंखला’ बनाने का आह्वान किया है, जो चिकित्सकों के साथ एकजुटता का परिचायक है। आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में नौ अगस्त को बलात्कार और हत्या की शिकार हुई महिला चिकित्सक के लिए न्याय की मांग कर रहे कनिष्ठ चिकित्सक पिछले 11 दिनों से अनशन पर हैं।

‘पश्चिम बंगाल जूनियर डॉक्टर्स फोरम’ के प्रवक्ता ने बताया कि राज्य कनिष्ठ चिकित्सकों के शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक विरोध को दबाना चाहता है लेकिन वह सफल नहीं होगा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav