आप का ‘जन संपर्क’ अभियान शुरू, केजरीवाल ने लोगों से उन्हें पुन: मुख्यमंत्री चुनने का आग्रह किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 16 Oct 2024 07:27 PM
आप का ‘जन संपर्क’ अभियान शुरू, केजरीवाल ने लोगों से उन्हें पुन: मुख्यमंत्री चुनने का आग्रह किया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले, बुधवार को पार्टी का ‘जन संपर्क’ अभियान शुरू किया और लोगों से उन्हें फिर से मुख्यमंत्री चुनने का आग्रह किया. केजरीवाल ने कहा कि अगर वह मुख्यमंत्री बनते हैं तो वह सुनिश्चित करेंगे कि दिल्ली के लोगों का कोई भी काम न रुके. उन्होंने आरोप लगाया कि जब वह पांच महीने तक जेल में थे तो उस दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आप सरकार की विभिन्न योजनाओं में बाधा डालने की कोशिश की.

उन्होंने इस अभियान की शुरुआत करते हुए कहा, ­”मुझे पूरा विश्वास है कि दिल्ली में सभी काम और सुविधाएं जारी रखने के लिए जनता फिर से आप की सरकार बनाएगी. आपके वोट के सहारे मैं एक बार फिर मुख्यमंत्री बनूंगा और पहले की तरह आपके सभी काम करूंगा.” अरविंद केजरीवाल ने भ्रष्टाचार के एक मामले में जमानत मिलने के कुछ दिन बाद 17 सितंबर को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था. उन्होंने कहा था कि वह अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव में जनता से ‘ईमानदारी का प्रमाण पत्र’ मिलने के बाद ही मुख्यमंत्री का पदभार संभालेंगे.

उन्होंने कहा, ­”मेरी गिरफ़्तारी को लेकर दिल्ली की जनता के मन में कई सवाल हैं और उन्हीं सवालों का जवाब देने के लिए मैंने एक पत्र लिखा है. हमारी पार्टी के कार्यकर्ता 29 अक्टूबर तक इस पत्र को लेकर घर-घर जाएंगे ताकि लोगों को उनके सवालों के जवाब मिल सकें.” केजरीवाल ने कार्यक्रम में कहा, ­”उन्होंने मुझे गिरफ्तार किया और पांच महीने तक जेल में रखा. उन्होंने ऐसा इसलिए किया ताकि मैं आपको जो सुविधाएं दे रहा हूं उन्हें तथा अन्य कामों को रोका जा सके.” उन्होंने कहा, ­”वे (भाजपा) दिल्ली में मेरे द्वारा किए जा रहे काम को रोकना चाहते हैं क्योंकि भाजपा शासित 22 राज्यों के लोग सवाल कर रहे हैं कि उनके राज्यों में ऐसी प्रगति क्यों नहीं हो रही है.” आप प्रमुख ने दावा किया कि पार्टी के अन्य नेता दिल्ली के विकास में योगदान देने के कारण जेल गए.

केजरीवाल ने कहा, ­”हम सब आपके लिए जेल गए. अगर मैं दिल्ली की जनता के लिए काम नहीं करता तो भाजपा वाले मुझे जेल नहीं भेजते. अगर मनीष सिसोदिया बच्चों को पढ़ाने के लिए अच्छे स्कूल नहीं बनाते तो उन्हें जेल नहीं जाना पड़ता.” उन्होंने कहा, ­”अगर सतेंद्र जैन ने दिल्ली में मोहल्ला क्लीनिक नहीं बनाए होते और सरकारी अस्पतालों में सुधार नहीं किया होता तो उन्हें भी जेल नहीं जाना पड़ता.” पत्र में आरोप लगाया गया कि अगर भाजपा दिल्ली की सत्ता में आती है तो सभी काम और बिजली-पानी जैसी मुफ्त सुविधाएं बंद कर दी जाएंगी.

आप के ‘जन संपर्क’ अभियान शुरू करने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मनीष सिसोदिया, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी, मंत्री गोपाल राय, सौरभ भारद्वाज, कैलाश गहलोत और इमरान हुसैन सहित पार्टी के कई नेता और विधायक मौजूद थे. इस बीच, भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता ने आप के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि केजरीवाल विधानसभा चुनाव जीतने के लिए दिल्ली के लोगों में डर फैला रहे हैं.

दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुप्ता ने कहा, ­”केजरीवाल ने दिल्ली की जनता को धोखा दिया है… उन्हें पता है कि चुनाव का समय आ गया है और जनता उनसे उनके कामों का हिसाब लेगी तथा सरकार को सत्ता से बेदखल कर देगी इसलिए केजरीवाल ने एक बार फिर दिल्ली की जनता को डराना शुरू कर दिया है.” गुप्ता ने कहा कि आप नेताओं द्वारा भाजपा पर सत्ता में आने के बाद मुफ्त बिजली और पानी की योजना वापस लेने की बात कहना यह साबित करता है कि सत्तारूढ़ पार्टी ने हार मान ली है. उन्होंने कहा, ­”अपने भाषणों में वे कह रहे हैं कि भाजपा सरकार वह सब कुछ छीन लेगी जो मुफ्त में मिला था. यह डर दिखाता है कि उन्हें अपनी हार का अहसास हो चुका है.” भाजपा नेता ने कहा कि दिल्ली के लोग समझदार हैं और वे आप की चालों में नहीं फंसेंगे. उन्होंने कहा कि दिल्ली में पार्टी का सफाया हो जाएगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu