रबी फसलों के एमएसपी में वृद्धि को मंत्रिमंडल की मंजूरी से किसानों का जीवन और आसान होगा: प्रधानमंत्री

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 16 Oct 2024 09:33 PM
रबी फसलों के एमएसपी में वृद्धि को मंत्रिमंडल की मंजूरी से किसानों का जीवन और आसान होगा: प्रधानमंत्री

ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) की ओर से विपणन सत्र 2025-26 के लिए सभी अधिदेशित रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में वृद्धि को मंजूरी दिए जाने से किसानों का जीवन और आसान होगा.

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने एमएसपी में सबसे अधिक वृद्धि रेपसीड और सरसों के लिए 300 रुपये प्रति क्विंटल तथा मसूर के लिए 275 रुपये प्रति क्विंटल की घोषणा की है. इनके अलावा, चना, गेहूं, कुसुम और जौ के लिए क्रमश: 210 रुपये प्रति क्विंटल, 150 रुपये प्रति क्विंटल, 140 रुपये प्रति क्विंटल और 130 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है.

प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”अपने किसान भाई-बहनों के कल्याण के लिए हम निरंतर बड़े फैसले लेने में जुटे हैं. इसी दिशा में आज हमारी सरकार ने 2025-26 के विपणन सत्र के लिए गेहूं और चना सहित अनिवार्य रबी फसलों की एमएसपी को बढ़ाया है. इससे हमारे अन्नदाताओं का जीवन और आसान होगा.”

मोदी ने केन्द्रीय मंत्रिमंडल की ओर से गंगा नदी पर एक नए रेल-सह-सड़क सेतु सहित वाराणसी-पं.दीन दयाल उपाध्याय मल्टीट्रैकिंग परियोजना को मंजूरी दिए जाने पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और क्षेत्र के लोगों को बेहतर संपर्क मिलने के साथ ही रोजगार और कारोबार के नए-नए अवसर भी बनेंगे. उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ”काशीवासियों की सुख-सुविधा के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहे हैं. इसी कड़ी में गंगा पर एक रेल-सड़क पुल को मंजूरी दी गई है. इससे तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और यहां के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने के साथ ही रोजगार और कारोबार के नए-नए अवसर भी बनेंगे.”

राज्यों के विधानसभा चुनावों से पहले सरकार ने गेहूं का एमएसपी 150 रुपये बढ़ाया

सरकार ने बुधवार को 2025-26 के विपणन सत्र के लिए गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को 150 रुपये बढ़ाकर 2,425 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया. यह कदम प्रमुख राज्यों में विधानसभा चुनावों से पहले उठाया गया है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) की बैठक में अप्रैल, 2025 से शुरू होने वाले विपणन सत्र 2025-26 के लिए छह रबी फसलों के एमएसपी में 130 रुपये से 300 रुपये प्रति क्विंटल तक की वृद्धि की मंजूरी दी गई.

सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद पत्रकारों से कहा, ”खरीफ फसलों की तरह, रबी फसलों के लिए एमएसपी में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है.” उन्होंने कहा कि गेहूं का नया एमएसपी उत्पादन लागत से 105 प्रतिशत अधिक है, जो एक ‘बड़ी बात’ है. प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रिमंडल के इस फैसले पर कहा कि उनकी सरकार किसानों के कल्याण के लिए लगातार बड़े फैसले ले रही है. उन्होंने कहा कि फसलों की एमएसपी में बढ़ोतरी से किसानों का जीवन आसान होगा.

रबी फसलों की एमएसपी बढ़ाने के फैसले से किसानों की आय बढ़ेगी, वे और समृद्ध होंगे: शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि छह रबी फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) बढ़ाने के केंद्रीय मंत्रिमंडल के फैसले से किसानों की आय बढ़ेगी तथा वे और समृद्ध होंगे. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने एमएसपी में सबसे अधिक वृद्धि रेपसीड और सरसों के लिए 300 रुपये प्रति क्विंटल तथा मसूर के लिए 275 रुपये प्रति क्विंटल की घोषणा की है. इनके अलावा, चना, गेहूं, कुसुम और जौ के लिए क्रमश: 210 रुपये प्रति क्विंटल, 150 रुपये प्रति क्विंटल, 140 रुपये प्रति क्विंटल और 130 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है.

शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”किसान कल्याण के प्रति सर्मिपत (नरेन्द्र) मोदी जी के नेतृत्व में केंद्रीय कैबिनेट ने आज 2025-26 सीजन के लिए रबी फसलों के एमसपी में वृद्धि को मंजूरी दी. रेपसीड और सरसों के एमएसपी में 300 रुपये प्रति क्विंटल की सबसे बड़ी बढ़ोतरी की गई है, जबकि मसूर की एमएसपी में भी 275 रुपये प्रति क्विंटल की ऐतिहासिक वृद्धि हुई है.” उन्होंने कहा, ” बढ़ी हुई एमएसपी से किसानों की आय में वृद्धि होगी और हमारे किसान और भी समृद्ध बनेंगे. किसानों की हर चिंता का ख्याल रखने के लिए मोदी जी का धन्यवाद व्यक्त करता हूं.”

By Yogesh Kumar Sahu