घर पर लाए गए पिज्जा को बांटने को लेकर हुए विवाद में महिला को मारी गई गोली

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 17 Oct 2024 08:40 PM
घर पर लाए गए पिज्जा को बांटने को लेकर हुए विवाद में महिला को मारी गई गोली
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में पिज्जा बांटने को लेकर हुई बहस के बाद एक महिला को उसकी जेठानी के भाई ने गोली मार दी. पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि बुधवार रात हुई इस घटना के सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामला तब प्रकाश में आया जब जीटीबी अस्पताल से सीलमपुर पुलिस थाने को सूचना मिली कि सादमा नाम की एक महिला को गोली लगने से घायल होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अधिकारी ने कहा, ”प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पीड़िता के पति का भाई जीशान बुधवार को पूरे परिवार के लिए पिज्जा लाया था. उसने अपने छोटे भाई जावेद की पत्नी सादमा सहित परिवार के सभी लोगों को पिज्जा दिया.” अधिकारी ने बताया कि जीशान की पत्नी सादिया का सादमा से विवाद था और वह अपने पति द्वारा अपनी देवरानी के साथ पिज्जा साझा करने से नाराज थी, इसी बात पर तीनों के बीच झगड़ा हो गया.

अधिकारी ने बताया, ”रात में सादिया ने अपने चारों भाइयों – मुंताहिर, तफसीर, शहजाद और गुलरेज को वेलकम इलाके में अपने घर बुलाया. उसके भाइयों का उसके ससुराल वालों से झगड़ा हुआ और इस दौरान मुंताहिर ने गोली चला दी, जो सादमा को जा लगी.” पुलिस ने बताया कि सादमा के पेट में गोली लगी है और उसका जीटीबी अस्पताल में उपचार किया जा रहा है. उसकी हालत स्थित बताई जा रही है. उसने बताया कि मुंताहिर, तफसीर, शहजाद और गुलरेज को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले में जांच की जा रही है.
अधिकारी ने कहा, ”हम सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रहे हैं. हम परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज कर रहे हैं और जांच जारी है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu