दुर्ग : सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मृत्यु, एक बालिका घायल

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 21 Oct 2024 07:06 PM
दुर्ग : सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मृत्यु, एक बालिका घायल
ऑडियो सुनें

दुर्ग. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में ट्रक की ठोकर लगने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई तथा एक बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई है. पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत ढौर गांव के करीब एक ट्रक ने एक मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया. इस घटना में मोटरसाइकिल सवार राजेश साहू (32), ऋतु साहू (28) और 12 वर्षीय एक बालिका की मौत हो गई तथा दो वर्षीय बालिका घायल हो गई है.

उन्होंने बताया कि ढौर गांव का निवासी साहू परिवार किसी कार्य से कचांदुर गांव गया था. आज सुबह लगभग नौ बजे जब वह लोग एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे तब गांव से कुछ दूरी पर सीमेंट से लदे हुए एक ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी. इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई तथा एक बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया गया तथा शवों और घायल बालिका को अस्पताल भेजा गया.

उन्होंने बताया घायल बालिका को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत गंभीर है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया. अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं तथा ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav