पाक : उदार जीवनशैली और सोशल मीडिया का इस्तेमाल, युवक ने अपनी मां और परिवार की तीन अन्य महिलाओं की हत्या की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 21 Oct 2024 08:26 PM
पाक : उदार जीवनशैली और सोशल मीडिया का इस्तेमाल, युवक ने अपनी मां और परिवार की तीन अन्य महिलाओं की हत्या की
ऑडियो सुनें

कराची. पाकिस्तान में एक युवक ने उदार जीवनशैली जीने और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने पर अपनी मां और बहन सहित परिवार की चार महिला सदस्यों की कथित तौर पर हत्या कर दी. पुलिस ने बताया कि बिलाल अहमद को शनिवार को गिरफ्तार किया गया था और सोमवार को अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया. सुनवाई के दौरान बिलाल ने अदालत को बताया कि उसने अपनी मां, बहन, भतीजी और भाभी का गला रेत दिया, क्योंकि उनकी उदार जीवनशैली ने उसकी शादीशुदा जिंदगी तबाह कर दी थी और वे हमेशा उसे ताने भी मारती थीं.

मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी शौकत अवान ने कहा, ”यह बिलाल के मानसिक रूप से अस्थिर और अति-रूढि.वादी होने का एक स्पष्ट मामला है.” चारों महिलाओं के शव शनिवार को कराची के पुराने सोल्जर बाजार इलाके में उनके अपार्टमेंट में मिले थे.
अवान ने कहा, “जांच के दौरान पता चला कि बिलाल का इन महिलाओं के साथ रोजाना झगड़ा होता था और वह अपनी पत्नी के उसे छोड़कर चले जाने के लिए उन्हें और उनकी उदार जीवनशैली को दोषी मानता था, क्योंकि वह एक धार्मिक महिला थी.”

उन्होंने बताया, “बिलाल को चारों महिलाओं के सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने पर भी आपत्ति थी. वह अपनी बहन और भतीजी से इस बात को लेकर नाराज था कि सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें और वीडियो पोस्ट करती थीं.” बिलाल ने पुलिस को बताया कि वह शुरू में ”केवल अपनी बहन को सबक सिखाना” चाहता था, लेकिन बाद में उसे एहसास हुआ कि वह किसी भी चश्मदीद को जिंदा नहीं छोड़ सकता, इसलिए उसने चारों महिलाओं की हत्या कर दी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu