पवन कल्याण की टिप्पणियों को ‘सकारात्मक’ रूप से लेती हूं: आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 05 Nov 2024 07:50 PM
पवन कल्याण की टिप्पणियों को ‘सकारात्मक’ रूप से लेती हूं: आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री
ऑडियो सुनें

अमरावती. आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री वंगालापुडी अनिता ने मंगलवार को कहा कि वह राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति संभालने के उनके तरीके पर उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की टिप्पणियों को ‘सकारात्मक रूप’ में देखती हैं. अनिता की यह प्रतिक्रिया कल्याण द्वारा राज्य में तेलगु देशम पार्टी (तेदेपा), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनसेना की नयी गठबंधन सरकार के पांच महीने के कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने और महिलाओं के खिलाफ हिंसा बढ़ने की बात कहे जाने के एक दिन बाद आई है.

अनिता ने संवाददाताओं से कहा, ”मैंने उनकी (कल्याण की) टिप्पणियों को सकारात्मक रूप से लिया है. उनकी प्रेस वार्ता, वास्तव में, उत्साहजनक थी…उन्होंने मेरे काम के लिए एक सहायक आधार प्रदान किया तथा मुझसे और भी अधिक मुखर होने का आग्रह किया. उन्होंने यही संदेश दिया है.” अनिता ने कहा कि गृह मंत्री के रूप में वह अपनी जिम्मेदारियों को समझती हैं. उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि कल्याण ने उन्हें असफल नहीं बताया.

गृह मंत्री ने कहा कि उन्होंने इस मामले पर कल्याण से बात की है और उन्होंने स्पष्ट किया कि वह पिछली युवजन श्रमिक रायतु काग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) नीत सरकार के दौरान जाति के आधार पर कथित तौर पर मामले दर्ज किए जाने की बात कर रहे थे.
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आंध्र प्रदेश कानून और व्यवस्था बनाए रखने के मामले में सख्त है. अनिता ने कहा, ”मुख्यमंत्री इस बात को लेकर गंभीर हैं कि आपराधिक प्रवृत्ति वाले किसी भी व्यक्ति को डरना चाहिए. उन्होंने (मुख्यमंत्री) कहा है कि आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों को रोकने के लिए विशेष कानून लाएंगे.” उपमुख्यमंत्री कल्याण का बचाव करते हुए अनिता ने दावा किया कि कुछ लोग इस मुद्दे का “अनावश्यक रूप से राजनीतिकरण” कर रहे हैं.

उपमुख्यमंत्री ने सोमवार को राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पर चिंता व्यक्त की थी और कहा था कि अगर वह राज्य के गृह मंत्री होते तो ”चीजें अलग होतीं”. इन टिप्पणियों को अनिता की सीधी आलोचना के रूप में देखा गया. उपमुख्यमंत्री की टिप्पणियां हाल के कानून और व्यवस्था के मुद्दों के मद्देनजर आईं, विशेष रूप से तिरुपति जिले में चार वर्षीय एक बच्ची की उसके रिश्तेदार द्वारा बलात्कार के बाद हत्या किए जाने के मामले में सरकार को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा है.

इस बीच, वाईएसआरसीपी नेता बी राजेंद्रनाथ ने जानना चाहा कि कल्याण किससे सवाल कर रहे हैं. हैदराबाद में एक संवाददाता सम्मेलन में राजेंद्रनाथ ने कहा, ”आप (कल्याण) किससे सवाल कर रहे हैं? आप सत्ता में हैं. आप उपमुख्यमंत्री हैं. क्या आप खुद से, अपनी सरकार से, किसी खास मंत्री से, मुख्यमंत्री से या पुलिस विभाग से सवाल कर रहे हैं? हमें समझ में नहीं आ रहा है.” राजेंद्रनाथ ने कहा कि अनिता के पास गृह विभाग है, वहीं कानून और व्यवस्था मामलों की निगरानी मुख्यमंत्री करते हैं. उन्होंने कल्याण द्वारा पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली की आलोचना पर सवाल उठाया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu