भाजपा के ‘विचार सड़े’ हैं, वह ‘बटेंगे तो कटेंगे’ में विश्वास करती है: खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 05 Nov 2024 08:34 PM
भाजपा के ‘विचार सड़े’ हैं, वह ‘बटेंगे तो कटेंगे’ में विश्वास करती है: खरगे
ऑडियो सुनें

रांची. केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुये कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को यहां कहा कि पार्टी के “विचार सड़े” हुये हैं और वह “बंटेंगे तो कटेंगे” में विश्वास करती है. खरगे ने आरोप लगाया कि भगवा पार्टी झारखंड में सत्ता हथियाने और अपने आदिवासी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जेल भेजने की साजिश कर रही है.

झारखंड की राजधानी रांची में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुये खरगे ने कहा, ”भाजपा के विचार सड़े हुये हैं और वह बंटेंगे तो कटेंगे में विश्वास करती है.” वह जाहिर तौर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ”बटेंगे तो कटेंगे” टिप्पणी का जिक्र कर रहे थे, जिसका उल्लेख भाजपा नेता ने हाल ही में कई बार अपने संबोधन में किया है. इससे पहले प्रदेश के मांडू में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुये खरगे ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड के लोगों का कल्याण सुनिश्चित करने की कोई मंशा नहीं है.

उन्होंने कहा कि भाजपा झारखंड के कोयला और अन्य खनिज संसाधनों को लूटने के इरादे से राज्य में सत्ता हासिल करने की कोशिश कर रही है. रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने दावा किया कि चुनावी राज्य झारखंड में जुटे भाजपा नेताओं की संख्या “कुल उम्मीदवारों की संख्या से ज्यादा है”, जो दर्शाता है कि पार्टी “एक आदिवासी मुख्यमंत्री के हाथों से सत्ता छीनना चाहती है.” कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को “झूठों के सरदार” भी करार दिया.

उन्होंने आरोप लगाया, “भाजपा की नजर झारखंड के ‘काले सोने’ (कोयला) पर है और वह राज्य के खनिज संसाधनों को लूटना चाहती है. लोगों का कल्याण उनकी मंशा नहीं है.” खरगे ने सवाल किया, “भाजपा घुसपैठ की बात करती है, तो केंद्र और असम में उसकी सरकारें अवैध प्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं कर सकतीं?” उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ‘झूठों के सरदार’ हैं. उन्होंने युवाओं को दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन रोजगार कहां है? उनसे सावधान रहें, जो केवल लूट में लिप्त रहेंगे.” खरगे ने आरोप लगाया कि भाजपा राज्य में सत्ता छीनना चाहती है, लेकिन “कोई भी हेमंत सोरेन को मुख्यमंत्री पद से हटाने की हिम्मत नहीं कर सकता.” उन्होंने दावा किया कि सोरेन एक बार फिर झारखंड के मुख्यमंत्री बनेंगे.

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार “अमीरों के कल्याण” के लिए काम करती है. उन्होंने कहा, “पांच फीसदी अमीर लोगों के पास देश की 60 फीसदी संपत्ति है, जबकि 50 फीसदी गरीब नागरिकों के पास सिर्फ तीन फीसदी संपत्ति है… प्रधानमंत्री मोदी ने अमीरों के 16 लाख करोड़ रुपये माफ कर दिए, लेकिन गरीबों, किसानों और दलितों को कोई राहत नहीं दे सके.” खरगे ने कहा कि भाजपा को केंद्र में “सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है.” उन्होंने झारखंड के लोगों के कल्याण के लिए राज्य को 1.36 लाख करोड़ रुपये के कोयला बकाये का तत्काल भुगतान करने की मांग की. झारखंड की 81 विधानसभा सीटों पर चुनाव के लिए मतदान दो चरणों में 13 और 20 नवंबर को होगा. मतगणना 23 नवंबर को की जाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu