आईपीएल की नीलामी 24 और 25 नवंबर को सऊदी अरब के जेद्दा में होगी: बीसीसीआई

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 05 Nov 2024 10:34 PM
आईपीएल की नीलामी 24 और 25 नवंबर को सऊदी अरब के जेद्दा में होगी: बीसीसीआई
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग 2025 से पहले खिलाड़ियों की बड़ी नीलामी 24 और 25 नवंबर को सऊदी अरब के जेद्दा में होगी. भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को घोषणा की. यह लगातार दूसरा साल है जब नीलामी विदेश में हो रही है. आईपीएल 2024 से पहले पिछली नीलामी दुबई में हुई थी.

खिलाड़ियों का पंजीकरण आधिकारिक तौर पर सोमवार को बंद हो गया और कुल 1,574 क्रिकेटरों (1,165 भारतीय और 409 विदेशी) ने नीलामी के लिए पंजीकरण किया है. नीलामी 22 नवंबर से पर्थ में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच शुरू हो रहे पहले टेस्ट के तीसरे और चौथे दिन के खेल से टकराएगी. प्रत्येक फ्रेंचाइजी अधिकतम 25 खिलाड़ियों (संबंधित रिटेन खिलाड़ियों सहित) की टीम बना सकेगी और नीलामी से कुल 204 खिलाड़ी खरीदे जा सकेंगे.

इस सूची में 320 कैप्ड (जिसने अंतरराष्ट्रीय मैच खेला हो) खिलाड़ी जबकि 1,224 अनकैप्ड (जिसने अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला हो) खिलाड़ी और एसोसिएट देशों के 30 खिलाड़ी शामिल हैं. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों में 48 भारत के हैं. इसके अलावा देश के 965 अनकैप्ड खिलाड़ी भी नीलामी का हिस्सा होंगे.

इस साल की नीलामी में ऋषभ पंत, लोकेश राहुल, श्रेयस अय्यर और अर्शदीप सिंह जैसे कुछ बड़े भारतीय सितारे भी शामिल होंगे.
नीलामी के दौरान 10 फ्रेंचाइजी के पास 204 खिलाड़ियों पर खर्च करने के लिए सामूहिक रूप से लगभग 641.5 करोड़ रुपये होंगे. इन 204 स्थानों में से 70 विदेशी खिलाड़ियों के लिए निर्धारित हैं. अब तक 10 फ्रेंचाइजी ने 558.5 करोड़ रुपये के सामूहिक खर्चे के साथ 46 खिलाड़ियों को रिटेन किया है.

प्रत्येक फ्रेंचाइजी को अपनी टीम बनाने के लिए 120 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे लेकिन 31 अक्टूबर को रिटेंशन (खिलाड़ियों को अपने साथ बरकरार रखा) प्रक्रिया खत्म होने के बाद पंजाब किंग्स के पास सबसे अधिक 110.5 करोड़ रुपये हैं. पंजाब की टीम ने सिर्फ दो अनकैप्ड खिलाड़ियों शशांक सिंह और प्रभसिमरन सिंह को कुल 9.5 करोड़ रुपये में रिटेन किया है.  संजू सैमसन की अगुआई वाली राजस्थान रॉयल्स के पास छह खिलाड़ियों को रिटेन करने के बाद सबसे कम 41 करोड़ रुपये की राशि है. कोलकाता नाइट राइडर्स ने भी छह खिलाड़ियों को रिटेन किया है लेकिन उनके पास 51 करोड़ रुपये की राशि बची है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu