आगामी 23 नवंबर को ‘सोरेन एंड कंपनी’ को विदाई दे देंगे : शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 14 Nov 2024 08:02 PM
आगामी 23 नवंबर को ‘सोरेन एंड कंपनी’ को विदाई दे देंगे : शाह
ऑडियो सुनें

डुमरी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा 23 नवंबर को ‘सोरेन एंड कंपनी’ को विदाई दे देगी. शाह ने ये टिप्पणियां झारखंड में 20 नवंबर को दूसरे चरण के मतदान और 23 नवंबर को होने वाली मतगणना से पहले कीं.

शाह ने गिरिडीह जिले के डुमरी में एक रैली में कहा, ”हेमंत सोरेन की सरकार झारखंड में घुसपैठ को बढ़ावा दे रही है, लेकिन मैं आपसे वादा करता हूं कि हर घुसपैठिए को बाहर निकाल दिया जाएगा.” उन्होंने कहा, ”वे हमारी आदिवासी बेटियों के साथ कई शादियां कर रहे हैं और उनकी जमीन हड़प रहे हैं. हम यह सुनिश्चित करेंगे कि जमीन उन्हें वापस मिले और इसके लिए कानून लाएंगे.” शाह ने सोरेन प्रशासन की आलोचना करते हुए उस पर भ्रष्टाचार और धन के गबन का आरोप लगाया.

शाह ने कहा, ”हेमंत सोरेन और उनकी कंपनी ने भ्रष्टाचार किया है और सार्वजनिक धन की लूट की है, लेकिन 23 नवंबर को उनकी विदाई हो जाएगी.” उन्होंने कहा कि सत्ता के लिए सोरेन की बेचैनी ने उन्हें राजद-कांग्रेस गठबंधन के साथ गठबंधन करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने दावा किया कि राजद-कांग्रेस गठजोड़ ने झारखंड के निर्माण का विरोध किया था. गृह मंत्री ने वादा किया कि यदि भाजपा सत्ता में आ गई, तो वे राज्य में बड़ी संख्या में उद्योग स्थापित करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी युवा को रोजगार की तलाश में कहीं और पलायन करने की आवश्यकता नहीं हो.

उन्होंने कहा, ”हम इतने उद्योग लगाएंगे कि किसी भी युवा को काम के लिए झारखंड छोड़ने की आवश्यकता नहीं होगी.” शाह ने राष्ट्रीय सुरक्षा के संदर्भ में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आतंकवाद के खतरे से मुक्त हो गया है. उन्होंने दोहराया कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और किसी को भी अनुच्छेद 370 को बहाल नहीं करने देंगे. इसके अतिरिक्त, शाह ने कांग्रेस पर ओबीसी के आरक्षण को खत्म करने का प्रयास करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, ”हम राहुल बाबा की चौथी पीढ़ी को भी मुसलमानों को ओबीसी का आरक्षण नहीं देने देंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu