मारियोपुल में स्टील संयंत्र से शवों को यूक्रेन को वापस दे रही रूसी सेना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 06 Jun 2022 08:41 PM
मारियोपुल में स्टील संयंत्र से शवों को यूक्रेन को वापस दे रही रूसी सेना

ऑडियो सुनें

कीव. रूस ने अजोवस्ताल स्टील संयंत्र पर मारे गए यूक्रेनी लड़ाकों के शवों को लौटाना शुरू कर दिया है. मारियोपुल शहर में स्थित यह संयंत्र मास्को के आक्रमण के कड़े प्रतिरोध का एक प्रतीक बन गया है. यह स्थान अब रूस के कब्जे में है और दर्जनों लड़ाकों के शवों को यूक्रेन की राजधानी कीव भेजा जा रहा है जहां उनकी डीएनए जांच की जा रही है. सेना के एक कमांडर और अजोव रेजिमेंट के पूर्व प्रमुख मैक्सिम झोरीन ने यह जानकारी दी. समर्पण करने से पहले इस रेजिमेंट ने लगभग तीन महीने तक संयंत्र की रक्षा की थी.

यूक्रेन को उन्नत मिसाइल प्रणाली उपलब्ध कराएगा ब्रिटेन

ब्रिटिश सरकार ने सोमवार को कहा कि उसके द्वारा यूक्रेन को उपलब्ध करायी जाने वाली उन्नत मिसाइल प्रणाली से उसे रूसी हमले का मुकाबला करने में मजबूती मिलेगी. ब्रिटेन के रक्षा मंत्री बेन वालेस ने एक बयान में कहा, ” अगर अंतरराष्ट्रीय समुदाय अपना समर्थन जारी रखता है तो मुझे पूरा भरोसा है कि यूक्रेन रूस के खिलाफ अपनी लड़ाई जीत सकता है.” रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रविवार को पश्चिमी देशों को चेताया था कि वे यूक्रेन को लंबी दूरी तक मार करने में सक्षम रॉकेट प्रणाली उपलब्ध नहीं कराएं. पुतिन की इस चेतावनी के बाद सोमवार को ब्रिटेन का यह बयान सामने आया है.

ब्रिटिश सरकार ने एम-270 शस्त्र प्रणाली के सैन्य महत्व पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यह 80 किलोमीटर की दूरी तक सटीक निशाना साधने में सक्षम है. ब्रिटेन ने पिछले सप्ताह यूक्रेन को हथियार मुहैया कराने का संकल्प जताया था. हालांकि, इन्हें यूक्रेन को सौंपे जाने की तारीख की जानकारी साझा नहीं की गई है.

By Yogesh Kumar Sahu