भारत कैरेबियाई देशों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग प्रगाढ़ करने को इच्छुक : प्रधानमंत्री मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 20 Nov 2024 10:26 PM
भारत कैरेबियाई देशों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग प्रगाढ़ करने को इच्छुक : प्रधानमंत्री मोदी
ऑडियो सुनें

जॉर्जटाउन. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि भारत कैरेबियाई देशों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग प्रगाढ़ करने को इच्छुक है. मोदी बुधवार को गुयाना पहुंचे और कहा कि उनकी यह यात्रा ”दोनों देशों के बीच मित्रता को प्रगाढ़ करेगी.” यह 50 साल से अधिक समय में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की गुयाना की पहली यात्रा है.

मोदी ने कहा कि भारत-कैरिकॉम शिखर सम्मेलन से भारत के साथ कैरेबियाई देशों का आर्थिक सहयोग, कृषि और खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य और फार्मास्यूटिकल्स, तथा विज्ञान और नवाचार जैसे क्षेत्रों में संबंध मजबूत होने की उम्मीद है. कैरिकॉम (कैरेबियाई समुदाय और साझा बाजार) एक क्षेत्रीय समूह है. कैरिकॉम के शासनाध्यक्षों और प्रधानमंत्री मोदी की पिछली मुलाकात 2019 में संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के 74वें सत्र से इतर हुई थी, जहां उन्होंने भारत से 15 करोड़ अमेरिकी डॉलर की ऋण सुविधा के माध्यम से नवीकरणीय ऊर्जा और जलवायु परिवर्तन में सहयोग के तौर-तरीकों पर चर्चा की थी.

मोदी का हवाई अड्डे पर गुयाना के राष्ट्रपति इरफान अली, उनके समकक्ष मार्क एंथनी फिलिप्स और 12 से अधिक कैबिनेट मंत्रियों ने स्वागत किया जबकि होटल में ग्रेनेडा के प्रधानमंत्री डिकॉन मिशेल और बारबाडोस की मिया अमोर मोटली से उनकी मुलाकात हुई.
प्रधानमंत्री मोदी ने यहां पहुंचने पर ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”गुयाना में मेरा स्वागत हमेशा मेरी यादों में रहेगा. मुझे आपसे, ग्रेनेडा के प्रधानमंत्री डिकॉन मिशेल और बारबाडोस की प्रधानमंत्री मिया अमोर मोटली और गुयाना के कैबिनेट मंत्रियों से मिलकर बहुत खुशी हुई.” मोदी को भारत-गुयाना के घनिष्ठ संबंधों के प्रमाण के रूप में ‘जॉर्जटाउन शहर की चाबी’ भी सौंपी गई.

मोदी ने कहा, ”मैं जॉर्जटाउन के मेयर द्वारा ‘जॉर्जटाउन शहर की चाबी’ प्राप्त करके भी बहुत खुश हूं. भारत विभिन्न क्षेत्रों में कैरिकॉम के साथ सहयोग को और गहरा करने के लिए उत्सुक है.” गुयाना के राष्ट्रपति अली ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी को कई कैरिकॉम नेताओं से मिलवाने का सौभाग्य मिला, जो दूसरे भारत-कैरिकॉम शिखर सम्मेलन के लिए शहर में हैं.

राष्ट्रपति अली ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”इस बैठक में भारत और कैरेबियाई देशों के बीच मजबूत होते संबंधों को रेखांकित किया गया, जो साझा मूल्यों और आपसी प्रगति के दृष्टिकोण पर आधारित है.” अली ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को गुयाना में भारतीय समुदाय के सदस्यों से संवाद करने का भी अवसर मिला.

उन्होंने कहा कि हमारी ‘एक गुयाना’ पहल के तहत सांस्कृतिक प्रस्तुति को देखना बहुत सुखद था, जो विविधता में एकता और दोनों देशों को जोड़ने वाले गहरे संबंधों को प्रर्दिशत करता है. मोदी तीन देशों की यात्रा के अंतिम चरण में गुयाना पहुंचे हैं. वह नाइजीरिया और ब्राजील के बाद यात्रा के अंतिम चरण में यहां पहुंचे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu