कांग्रेस ‘अहंकार’ त्यागकर ममता को ‘इंडिया’ गठबंधन का नेता स्वीकारे : तृणमूल सांसद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 25 Nov 2024 08:31 PM
कांग्रेस ‘अहंकार’ त्यागकर ममता को ‘इंडिया’ गठबंधन का नेता स्वीकारे : तृणमूल सांसद
ऑडियो सुनें

कोलकाता. पश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनावों में तृणमूल कांग्रेस की स्पष्ट जीत से उत्साहित पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सांसद कल्याण बनर्जी ने कांग्रेस से कहा कि वह अपना अहंकार त्याग दे और ममता बनर्जी को ‘इंडिया’ गठबंधन का नेता मान ले. उन्होंने महाराष्ट्र में चुनावी हार के लिए कांग्रेस की भी आलोचना की.

हाल के उपचुनावों में तृणमूल कांग्रेस के प्रभावशाली प्रदर्शन से उत्साहित कल्याण बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को चुनौती देने के लिए ”एकीकृत और निर्णायक” नेतृत्व की आवश्यकता पर बल दिया. पार्टी ने पश्चिम बंगाल में हुए उपचुनाव में पांच विधानसभा सीट को बरकरार रखा और भाजपा से मदारीहाट सीट छीन ली. तृणमूल सांसद ने इस बात पर जोर दिया कि ममता बनर्जी का ”सिद्ध नेतृत्व और जमीनी स्तर पर जुड़ाव” उन्हें विपक्षी दलों के गठबंधन का ”सबसे उपयुक्त” नेता बनाता है.

रविवार को हुगली जिले के सेरामपुर में रक्तदान शिविर में उन्होंने कहा, ”कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों को हाल के चुनावों में अपनी विफलताओं को स्वीकार करना चाहिए और व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा पर एकता को प्राथमिकता देनी चाहिए. उन्हें अपना अहंकार अलग रखना चाहिए और ममता बनर्जी को ‘इंडिया’ गठबंधन के नेता के रूप में स्वीकार करना चाहिए.” भाजपा ने शनिवार को महाराष्ट्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए रिकॉर्ड संख्या में सीट जीतीं और पार्टी नीत सत्तारूढ. महायुति गठबंधन को भारी जीत दिलाई, जबकि झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की शानदार जीत के दम पर ‘इंडिया’ गठबंधन ने सत्ता में वापसी की.

भाजपा नीत महायुति गठबंधन ने शनिवार को महाराष्ट्र में सत्ता बरकरार रखी और 288 विधानसभा सीट में से 230 पर कब्जा कर लिया, जबकि कांग्रेस नीत महा विकास आघाडी का सत्ता हासिल करने का सपना टूट गया और विपक्षी दलों का गठबंधन सिर्फ 46 सीट ही हासिल कर सका. हेमंत सोरेन के झामुमो नीत गठबंधन ने शनिवार को झारखंड में शानदार वापसी करते हुए 81 सदस्यीय विधानसभा में 56 सीट जीतकर लगातार दूसरी बार सत्ता हासिल कर ली, जबकि भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को महज 24 सीट ही मिल सकीं.

ममता बनर्जी को ”सिद्ध नेता और भाजपा के खिलाफ लड़ाई का शानदार रिकॉर्ड रखने वाली नेता” बताते हुए तृणमूल सांसद ने कहा, ”उन्हें पूरे भारत में एक योद्धा के रूप में जाना जाता है. उनका नेतृत्व और जनता से जुड़ने की क्षमता उन्हें ‘इंडिया’ गठबंधन का आदर्श चेहरा बनाती है. एकीकृत और व्यावहारिक दृष्टिकोण के बिना विपक्ष के प्रयास डगमगाते रहेंगे.”

कांग्रेस की पश्चिम बंगाल इकाई ने तृणमूल सांसद के बयान पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, जबकि भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के नेता ने उनका मजाक उड़ाते हुए कहा कि ”इंडिया” गठबंधन के नेतृत्व में बदलाव से इसका चुनावी भाग्य नहीं बदलेगा. भाजपा प्रवक्ता समिक भट्टाचार्य ने कहा, ”चाहे कांग्रेस हो या तृणमूल या फिर कोई अन्य पार्टी, इसका ‘इंडिया’ गठबंधन के चुनावी भाग्य पर कोई असर नहीं पड़ेगा क्योंकि इस देश के लोगों ने इन पार्टियों को नकार दिया है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu