पूर्व विधायक के बेटे के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप में मामला दर्ज

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 30 Nov 2024 02:00 PM
पूर्व विधायक के बेटे के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप में मामला दर्ज
ऑडियो सुनें

सोनभद्र: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में एक युवती ने अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने और दुष्कर्म के आरोप में दुद्धी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक हरिराम चेरो के बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

दूसरी ओर, आरोपी मंगलम चेरो के छोटे भाई ने भी युवती और उसके परिजनों के विरुद्ध से मंगलम की पिटाई के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने शुक्रवार को दोनों पक्षों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी। हरिराम चेरो 2017 से 2022 तक अपना दल (एस) के विधायक थे।

दुद्धी थाने के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि युवती का आरोप है कि मंगलम चेरो बार-बार उसे फोन करके परेशान करता है और धमकी देता है कि उसके पास उसकी अश्लील फोटो और वीडियो है, जिन्हें वह सार्वजनिक कर देगा।

युवती के अनुसार आरोपी ने 16 नवंबर को दुद्धी में स्थित शिवाजी तालाब के पास बुलाने के बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पास के एक मकान में उससे दुष्कर्म किया। दूसरी ओर, पूर्व विधायक के छोटे बेटे यतेन्द्र ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में कहा कि 16 नवंबर को उसका भाई मंगलम किसी से बकाया पैसे लेने के लिए दुद्धी के शिवाजी तालाब के पास गया था, इस बीच वहां एक युवती ने पुरानी रंजिश को लेकर मंगलम से झगड़ा किया और उसी दौरान युवती की मां और भाई वहां पहुंच गए, जिसके बाद तीनों ने मंगलम की पिटाई करके उसका सामान छीन लिया।

यतेन्द्र का दावा है कि उस घटना के बाद से ही उसका भाई मंगलम लापता है। यतेंन्द्र के अनुसार मंगलम की शादी तय हो चुकी है और 12 नवंबर को उसकी सगाई थी। यतेन्द्र ने कहा कि युवती ने पैसा ऐंठने के लिए झूठे आरोप लगाए हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital